केरल: मुख्यमंत्री कार्यालय और आवास को बम की धमकी, सुरक्षा बढ़ी

केरल में एक और बम धमकी का मामला सामने आया है। इस बार मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) और मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के आधिकारिक आवास क्लिफ हाउस को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुँचकर दोनों स्थानों की तलाशी शुरू कर दी है। सीएमओ ने इस धमकी की पुष्टि की है, और जांच जारी है।
यह घटना रविवार तड़के तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मिली बम धमकी के बाद सामने आई। हालांकि, हवाई अड्डे को उड़ाने की धमकी के मामले में बाद में पता चला कि यह केवल अफवाह थी। पुलिस के मुताबिक, एक ई-मेल द्वारा यह धमकी भेजी गई थी, जिसे हवाई अड्डे के प्रबंधक की आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त किया गया था।
पुलिस और सीआईएसएफ ने तुरंत हवाई अड्डे और उसके आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इस मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि बम की धमकी झूठी साबित हुई और स्थिति नियंत्रण में है।
अब मुख्यमंत्री कार्यालय और क्लिफ हाउस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जबकि मामले की जांच जारी है।





