करण चनाना और अनीता डिंग को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित, 123.85 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त का आदेश

राउज एवेन्यू जिला न्यायालय ने मेसर्स अमीरा प्योर फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक करण ए. चनाना और पूर्णकालिक निदेशक अनीता डिंग को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कर दिया है। न्यायालय ने आरोपियों की 123.85 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने का आदेश भी दिया है।
जांच एजेंसी ईडी (एन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट) ने अदालत से दोनों को भगोड़ा घोषित करने का अनुरोध किया था। ईडी के अनुरोध पर इंटरपोल ने करण ए. चनाना के खिलाफ दुनिया भर में उनकी संपत्ति का पता लगाने और उसे फ्रीज करने के लिए सिल्वर नोटिस जारी किया है।
जांच में पता चला है कि अमीरा फूड्स ग्रुप ने कैनरा बैंक के नेतृत्व वाले बैंकों से करीब 1201.85 करोड़ रुपये का ऋण लिया था, जो 2017 में एनपीए (नॉन परफॉर्मिंग असेट) बन गया। ईडी ने पाया कि कंपनी और उसके प्रमोटर/निदेशक धन शोधन, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात में शामिल थे।
इस मामले में अब तक 21 व्यक्तियों और कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जांच में आरोपी और उनके परिवार की विदेशी संपत्तियों सहित कुल 131.51 करोड़ रुपये की संपत्ति की पहचान की गई और उसे कुर्क करने की प्रक्रिया पूरी की गई है।
ईडी ने यह भी पाया कि करण ए. चनाना और अनीता डिंग भारत छोड़कर जा चुके हैं। करण ए. चनाना यूनाइटेड किंगडम में और अनीता डिंग संयुक्त अरब अमीरात में रह रही हैं। दोनों न्यायिक प्रक्रिया से बचने के लिए भारत के बाहर हैं। उनके खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट और लुक-आउट सर्कुलर भी जारी किया गया है।
जांच एजेंसी अब आरोपी और उनके परिवार की विदेशी संपत्तियों का पता लगाने और जब्ती की कार्रवाई आगे बढ़ा रही है।





