भारत

लुधियाना में कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

लुधियाना जिले में एक बार फिर गोलीबारी की वारदात से सनसनी फैल गई है। समराला के गांव माणकी में देर रात अज्ञात हमलावरों ने कबड्डी खिलाड़ी गुरिंदर सिंह (23) की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, बीती रात गुरिंदर सिंह अपने साथियों के साथ नगर कीर्तन के दौरान सड़क की सफाई कर रहा था। उसी वक्त मोटरसाइकिल पर सवार चार अज्ञात हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की आवाज़ सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने दोनों घायलों को समराला सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें चंडीगढ़ रेफर किया गया। इलाज के दौरान गुरिंदर सिंह की मौत हो गई, जबकि उसका साथी धरमवीर सिंह गंभीर रूप से घायल है।

मृतक गुरिंदर सिंह एक प्रतिभाशाली कबड्डी खिलाड़ी था और कई स्थानीय टूर्नामेंटों में हिस्सा ले चुका था। घटना की सूचना मिलते ही समराला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

इस वारदात की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हरि बॉक्सर और आरज़ू बिश्नोई ने ली है। सोशल मीडिया पर अनमोल बिश्नोई के नाम से आए एक पोस्ट में दावा किया गया है कि हत्या करण मादपुर और तेज चक ने की है। पुलिस इन दावों की भी जांच कर रही है और साइबर सेल को सक्रिय किया गया है ताकि पोस्ट की सत्यता और स्रोत का पता लगाया जा सके।

खन्ना के एसपी (आई) पवनजीत चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गैंग की भूमिका और हमले की वजह का पता लगाने के लिए विशेष टीम बनाई गई है।

यह वारदात एक बार फिर लुधियाना की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। पिछले कुछ महीनों में जिले में गोलीकांड और गैंगवार की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button