जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव: कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस ने सीट बंटवारे पर जताई सहमति

श्रीनगर. नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस के बीच लंबी बातचीत के बाद आखिरकार आज सोमवार को जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति बन गई. सीट-बंटवारे में नेशनल कांफ्रेंस को 51 जबकि कांग्रेस 32 सीट पर चुनाव लड़ने की सहमती मिली. इसके अलावा दोनों पार्टियों के गठबंधन में शामिल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी को एक-एक सीट दी गई है.
JKPCC अध्यक्ष तारिक़ हमीद कर्रा ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-NC गठबंधन के बीच सीटों के बंटवारे पर बताया, “90 सीटों में से 51 सीटों पर नेशनल कांफ्रेंस चुनाव लड़ेगी. कांग्रेस 32 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. 5 सीटों पर दोनों पार्टियां चुनाव लड़ेंगी. एक सीट पैंथर्स पार्टी और एक सीट CPI(M) के लिए छोड़ी गई है.”
कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने भाजपा द्वारा नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर सवाल उठाए जाने पर कहा, “भाजपा को ऐसा कहने का क्या नैतिक अधिकार है? भाजपा का नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ और PDP के साथ गठबंधन रह चुका है. नेशनल कॉन्फ्रेंस वही पुरानी नेशनल कॉन्फ्रेंस है, PDP अभी भी वही पुरानी PDP है, उनका दोनों पार्टियों के साथ गठबंधन था. हर राजनीतिक पार्टी के अपने कार्यक्रम, अपना घोषणापत्र और वादे होते हैं. हमारे पास अपना घोषणापत्र और वादे हैं, जब हम सरकार बनाएंगे तो एक साझा न्यूनतम कार्यक्रम होगा.”
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा, “यह बहुत खुशी की बात है कि हम दोनों (कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस) उन ताकतों के खिलाफ लड़ रहे हैं जो यहां लोगों को बांटने की कोशिश कर रहे हैं. INDIA गठबंधन इसलिए बनाया गया था ताकि हम उन ताकतों से लड़ सकें जो सांप्रदायिक विभाजन पैदा करना चाहते हैं. आज यह खुशी की बात है कि हमने चर्चा पूरी कर ली है और समन्वय के साथ नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस एक साथ चुनाव लड़ेंगे.”





