झारखंड सिपाही भर्ती के दौरान 11 अभ्यर्थियों की हुई मौत, विभिन्न केंद्रों पर दौड़ प्रक्रिया के दौरान हुई मौत
झारखंड सिपाही भर्ती के दौरान 11 अभ्यर्थियों की हुई मौत, विभिन्न केंद्रों पर दौड़ प्रक्रिया के दौरान हुई मौत
झारखंड में उत्पाद सिपाही भर्ती की दौड़ के दौरान अब तक 11 अभ्यर्थियों की मौत की खबर सामने आयी हैं। यह मौतें अलग-अलग केंद्रों में चल रही भर्ती प्रक्रिया के दौरान हुई हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मौत का सबसे अधिक आंकड़ा पलामू केंद्र से आया है, जहां अब तक चार अभ्यर्थियों की मौत हो चुकी है। पुलिस मुख्यालय के द्वारा भर्ती दौड़ के दौरान हुई मौत की जांच भी करवाई जा रही है।
बता दें कि 22 अगस्त से राज्य में उत्पाद सिपाही भर्ती के लिए दौड़ की प्रक्रिया शुरू हुई थी। राज्य भर में दौड़ के लिए सात केंद्र बनाए गए हैं। यह स्मार्ट सिटी क्षेत्र रांची, जगुआर टेंडर ग्राम रांची, पुलिस लाइन गिरिडीह, पलामू के चियांकि हवाई, सीटीसी मुसाबनी, जैप 9 कैंपस मुख्यालय साहिबगंज में भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी।
विभिन्न केंद्रों पर उत्पाद सिपाही पद पर बहाली के लिए आयोजित दौड़ में मौत का सिलसिल थमने का नाम नहीं ले रहा है। साहिबगंज के जैप-9 कैंपस में दौड़ के दौरान बेहोश हुए एक और अभ्यर्थी ने रविवार को दम तोड़ दिया। वह शनिवार को ही वहां दौड़ के बाद बेहोश हुआ था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 22 वर्षीय विकास लिंडा (मृतक) रांची के नामकुम के रामपुर गांव निवासी बिजला लिंडा का पुत्र था।
आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता अमोल वेणुकान्त होमकर ने बताया कि उत्पाद सिपाही बहाली के प्रक्रिया के दौरान अब तक 11 अभ्यर्थियों की मौत हुई है. मामले में यूडी कांड दर्ज किया गया है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल ऐसा बताया जा रहा है की कई युवा लंबी दौड़ के लिए दवा का प्रयोग भी करते हैं। इस कारण ऐसी घटना हो रही है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए 583 उत्पाद सिपाही के पदों पर नियुक्तियां निकाली थी। उत्पाद विभाग की बहाली की प्रक्रिया चल रही है। इस प्रक्रिया में हजारों की संख्या में अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं। अभ्यर्थियों को 10 किमी की दौड़ पूरी करनी पड़ रही है। इस दौड़ के चक्कर में कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ रही हैं। इस दौरान विभिन्न जिलों में दौड़ के दौरान कई अभ्यर्थियों की मौत हुई है तो कई अस्पताल में ज़िंदगी और मौत से जंग लड़ रहे है।





