झांसी: मेडिकल कॉलेज में लगी आग, 10 नवजात बच्चों की हुई मौत, सीएम ने मुआवजे की घोषणा

झांसी: महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में लगी आग, 10 नवजात बच्चों की हुई मौत, सीएम ने मुआवजे की घोषणा
उत्तर प्रदेश के झांसी के महारानी लाक्षीबाई मेडिकल कॉलेज के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई(NICU) में भीषण आग लग गई। इस दौरान करीब 10 नवजात शिशुओं की मौत हो गयी। बता दें कि जिस वार्ड में आग लगी थी, वहां 47 नवजात भर्ती थे। इस मामले पर सीएम योगी ने दुख जताया है और मुआवजे का ऐलान किया है।
#WATCH उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
कल रात मेडिकल कॉलेज के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई(NICU) में भीषण आग लग गई, जिसमें 10 नवजात शिशुओं की मौत हो गई। pic.twitter.com/cUyhn4sJYk
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 15, 2024
मौके पर झांसी पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, “नवजात शिशुओं की मौत बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर हम नवजात शिशुओं के शवों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं… पहली जांच प्रशासनिक स्तर पर होगी जो स्वास्थ्य विभाग करेगा, दूसरी जांच पुलिस प्रशासन करेगा… अग्निशमन विभाग की टीम भी इसमें शामिल होगी, तीसरा, मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश भी दिए गए हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी… अगर कोई चूक पाई जाती है, तो जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। सरकार बच्चों के परिजनों के साथ है…”
उन्होंने कहा कि “फरवरी में अग्नि सुरक्षा ऑडिट किया गया था। जून में मॉक ड्रिल भी की गई थी। यह घटना कैसे हुई और क्यों हुई, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हम इस बारे में कुछ कह सकते हैं… सात नवजात शिशुओं के शवों की पहचान कर ली गई है, तीन शवों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है… नवजात शिशुओं के परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी…”
झांसी मेडिकल कॉलेज अग्निकांड पर भाजपा विधायक राजीव सिंह पारीछा ने कहा, “यह बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है… आग में 10 नवजात शिशुओं की मौत हो गई, लगभग 35 नवजात शिशुओं को बचा लिया गया… डॉक्टर घायल नवजात शिशुओं को सर्वोत्तम संभव उपचार दे रहे हैं। सरकार मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों के संपर्क में है… प्रथम दृष्टया आग का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत होता है…”
पीएम मोदी ने ट्वीट कर वक्त किया शोक
पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि “हृदयविदारक! उत्तर प्रदेश में झांसी के मेडिकल कॉलेज में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। इसमें जिन्होंने अपने मासूम बच्चों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव के हरसंभव प्रयास में जुटा है।”
मृत शिशुओं के माता-पिता को मिलेगा मुआवजा
मुख्यमंत्री के निर्देश पर झांसी मेडिकल कॉलेज अग्निकांड घटना में मरने वाले नवजात शिशुओं के माता-पिता को 5-5 लाख रुपए तथा घायलों के परिजनों को 50-50 हजार रुपए की सहायता मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री ने झांसी के मंडलायुक्त और डीआईजी को घटना के संबंध में 12 घंटे के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।





