जम्मू कश्मीर: गांदरबल में हुआ आतंकी हमला, 7 लोगों की मौत जबकि 5 हुए घायल, एक आतंकी ढेर
जम्मू कश्मीर: गांदरबल में हुआ आतंकी हमला, 2 लोगों की मौत जबकि 5 हुए घायल, एक आतंकी ढेर
जम्मू कश्मीर के गांदरबल में रविवार देर रात आतंकी हमला हुआ। यहाँ जैडमोढ़ सुरंग परियोजना में कार्यरत श्रमिकों के शिविर पर हमला किया। इस हमले में 7 श्रमिकों की मौत हो गई है और 5 अन्य घायल हुए हैं। आतंकियों ने अंधाधुन फायरिंग में 7 श्रमिकों की गोली मारकर हत्या कर दी। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य नेताओं ने इस आतंकी हमले की निंदा की है।
गंदेरबल के गगनगीर में आतंकी घटना। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। विस्तृत जानकारी बाद में दी जाएगी: कश्मीर जोन पुलिस pic.twitter.com/KQRz1vyVFJ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 20, 2024
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, “जम्मू-कश्मीर के गगनगीर में नागरिकों पर हुआ नृशंस आतंकी हमला कायरतापूर्ण घृणित कृत्य है। इस जघन्य कृत्य में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें हमारे सुरक्षा बलों की ओर से कड़ी से कड़ी प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ेगा। इस अत्यंत दुख की घड़ी में, मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने की निंदा
इस हमले पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने निंदा करते हुए ट्वीट किया, “सोनमर्ग क्षेत्र के गगनगीर में गैर-स्थानीय मजदूरों पर कायरतापूर्ण और नृशंस हमले की बहुत दुखद खबर है। ये लोग इलाके में एक प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजना पर काम कर रहे थे। इस आतंकवादी हमले में 2 लोग मारे गए हैं और 2-3 अन्य घायल हुए हैं। मैं निहत्थे निर्दोष लोगों पर इस हमले की कड़ी निंदा करता हूं और उनके प्रियजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।”
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा
वहीं जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल कार्यालय ने ट्वीट किया, “मैं गगनगीर में नागरिकों पर हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। मैं लोगों को आश्वस्त करता हूं कि इस घृणित कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। हमने जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सुरक्षा बलों को पूरी आजादी दी है।”
बारामूला में एक आतंकी भी हुआ ढेर
गांदरबल के इस हमले से 50 किलोमीटर दूर बारामूला में सुरक्षाबलों ने 1 आतंकी को भी मार गिराया है। उसके पास से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद हुए हैं। इस इलाके में भी सर्च ऑपरेशन जारी है।
बीते तीन दिनों में यहाँ दूसरा हमला
गौरतलब है कि कश्मीर घाटी में बीते तीन दिनों में अन्य राज्यों के श्रमिकों पर यह दूसरा आतंकी हमला है। इससे पूर्व गत शुक्रवार को दक्षिण कश्मीर के शोपियां में आतंकियों ने बिहार के रहने वाले अशोक चौहान की हत्या की है।





