भारत
जम्मू-कश्मीर: कठुआ में जैश आतंकियों के खिलाफ बड़ा सर्च ऑपरेशन

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बिलावर इलाके में सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के खिलाफ एक बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। यह कार्रवाई उस समय शुरू हुई जब गश्त पर निकली सुरक्षा टीम पर आतंकियों ने अचानक फायरिंग कर दी।
अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े आतंकियों ने घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाईं, जिसके बाद दोनों ओर से मुठभेड़ शुरू हो गई।
सूत्रों ने बताया कि सुरक्षा बलों को इलाके में दो से तीन आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। गौरतलब है कि कठुआ जिले में हाल के दिनों में आतंकियों की तलाश के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार अभियान चला रही हैं। फिलहाल इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और ऑपरेशन जारी है।





