ट्रंप के टैरिफ वार के बीच जयशंकर का रूस दौरा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने के बाद भारत और रूस के संबंधों में तेजी से नजदीकी बढ़ रही है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल के हालिया रूस दौरे के बाद अब भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी 21 अगस्त को मॉस्को जाएंगे। वहां उनकी मुलाकात रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से होगी।
रूसी विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर बताया कि जयशंकर और लावरोव के बीच मॉस्को में होने वाली बैठक में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा होगी। साथ ही इस वर्ष के अंत में संभावित रूप से होने वाले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे की तैयारियों पर भी बात हो सकती है।
FM Sergey #Lavrov‘s schedule:
🗓 On August 21, FM Sergey #Lavrov will hold talks with FM of India @DrSJaishankar in Moscow.
The Ministers will discuss key issues on our bilateral agenda, as well as key aspects of cooperation within international frameworks.#RussiaIndia pic.twitter.com/ck4qG1Z14P
— MFA Russia 🇷🇺 (@mfa_russia) August 13, 2025
जयशंकर का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत और अमेरिका के बीच रिश्तों में तनाव देखा जा रहा है। ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया है। अमेरिकी सरकार का आरोप है कि भारत रूस से तेल खरीद रहा है और यूक्रेन युद्ध को परोक्ष रूप से बढ़ावा दे रहा है। इसके अलावा अमेरिका इन दिनों पाकिस्तान के साथ अपने संबंध मजबूत करने में भी जुटा है, जिससे नई दिल्ली में असंतोष है।
इससे पहले अजीत डोभाल ने मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और कई शीर्ष नेताओं से मुलाकात की थी। इस दौरान सैन्य तकनीकी सहयोग, असैन्य विमान निर्माण, धातु उद्योग और रासायनिक उद्योग जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में संयुक्त परियोजनाओं पर चर्चा हुई। भारत स्थित रूसी दूतावास ने बताया था कि दोनों देशों ने रक्षा और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई है।





