भारत

“मुझ पर नहीं मेरी सेवा भावना पर हमला हुआ!” – हमले के बाद बोलीं रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर आज जन सुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। मुख्यमंत्री ने इस घटना को “दिल्ली और जनसेवा के हमारे संकल्प पर कायरतापूर्ण हमला” बताया है। उन्होंने कहा कि अब उनकी तबीयत ठीक है और वह जल्द ही दोबारा काम पर लौटेंगी। हमलावर की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी सकरिया राजेशभाई खीमजीभाई के रूप में हुई है। वह एक फरियादी बनकर जन सुनवाई में पहुंचा था। मुख्यमंत्री से मिलते समय उसने अचानक उन पर हमला कर दिया। उसने थप्पड़ मारा, धक्का दिया और बाल खींचे। इसके बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा टीम ने उसे काबू में किया।

मुख्यमंत्री को हाथ और सिर में चोटें आई हैं। शाम को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर बयान जारी कर कहा:

इस हमले के बाद मैं स्वाभाविक रूप से सदमे में थी, लेकिन अब बेहतर महसूस कर रही हूं। मैं अपने शुभचिंतकों से निवेदन करती हूं कि मुझसे मिलने की कोई ज़रूरत नहीं है। मैं बहुत जल्द फिर से आपके बीच काम करती दिखूंगी। ऐसे हमले मेरी भावना और सेवा के संकल्प को नहीं तोड़ सकते। अब मैं पहले से भी ज्यादा ऊर्जा और समर्पण के साथ काम करूंगी। जन सुनवाई और जनता की समस्याएं हल करने का काम पहले की तरह जारी रहेगा। आपका भरोसा और समर्थन मेरी सबसे बड़ी ताकत है।”

मुख्यमंत्री कार्यालय ने दावा किया है कि यह हमला एक साजिश के तहत किया गया था। आरोपी के कुछ वीडियो मिले हैं, जिसमें वह रेखा गुप्ता के पैतृक घर की रेकी करता दिख रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। कुछ सूत्रों का कहना है कि वह अपने किसी रिश्तेदार के जेल जाने से नाराज़ था। वहीं उसकी मां का कहना है कि वह कुत्तों से बहुत प्यार करता है और दिल्ली-एनसीआर से सभी आवारा कुत्तों को शेल्टर में भेजने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश से वह परेशान था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश (Attempt to Murder) का केस दर्ज किया है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button