विदेश

ISRO की LVM3 M6 मिशन 24 दिसंबर को लॉन्च करेगी BlueBird Block-2 सैटेलाइट

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) अपनी अगली महत्वपूर्ण मिशन LVM3 M6 के तहत 24 दिसंबर को BlueBird Block-2 सैटेलाइट को कक्षा में भेजने जा रहा है। यह मिशन अमेरिका की AST SpaceMobile कंपनी के साथ हुए व्यावसायिक समझौते के तहत किया जा रहा है।

AST SpaceMobile एक ऐसा पहला और एकमात्र संगठन है, जो सीधे स्मार्टफोन तक स्पेस-बेस्ड हाई-स्पीड सेलुलर ब्रॉडबैंड सेवा पहुंचाने वाला नेटवर्क बना रहा है। कंपनी के अनुसार, उनका उद्देश्य दुनिया भर में उन लोगों तक इंटरनेट पहुंचाना है, जो अभी भी कनेक्टिविटी की समस्या से जूझ रहे हैं।

AST SpaceMobile ने सितंबर 2024 में BlueBird 1 से 5 तक पांच सैटेलाइट लॉन्च की हैं, जो अमेरिका और कुछ अन्य देशों में लगातार इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध कराती हैं। कंपनी ने अब अपने नेटवर्क का विस्तार करने के लिए और सैटेलाइट लॉन्च करने की योजना बनाई है और दुनिया भर के 50 से अधिक मोबाइल ऑपरेटरों के साथ साझेदारी की है।

BlueBird Block-2 सैटेलाइट को विशेष रूप से इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह दुनिया भर के स्मार्टफोन यूजर्स को 24/7 हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड सेवा प्रदान कर सके। यह सैटेलाइट 223 वर्ग मीटर के फेज्ड एरे के साथ तैयार की गई है, जो इसे अब तक की सबसे बड़ी कमर्शियल कम्युनिकेशन सैटेलाइट बनाती है जो लो अर्थ ऑर्बिट में भेजी जाएगी।

ISRO के अनुसार, यह मिशन पूरी तरह से व्यावसायिक लॉन्च होगा और इसे NewSpace India Ltd के जरिए अंजाम दिया जाएगा। NewSpace India Ltd ISRO की व्यावसायिक शाखा है।

BlueBird Block-2 सैटेलाइट, ग्लोबल लो अर्थ ऑर्बिट कंस्टीलेशन का हिस्सा है, जो सीधे मोबाइल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। इसके जरिए 4G और 5G नेटवर्क पर वॉइस कॉल, वीडियो कॉल, मैसेजिंग, स्ट्रीमिंग और डेटा सेवाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही यह LVM3 रॉकेट के इतिहास में अब तक का सबसे भारी पेलोड होगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button