ISRO की अंतरिक्ष में नई उड़ान, EOS-08 का हुआ सफल प्रक्षेपण

नई दिल्ली: ISRO (भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन) ने आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से एसएसएलवी-डी3/ईओएस-08 मिशन की तीसरी और अंतिम विकासात्मक उड़ान लॉन्च की. अर्थ ऑब्जर्वेशन उपग्रह (ईओएस-08) और स्टार्टअप कंपनी स्पेस रिक्शा के एसआर-0 सैटेलाइट को ले जाने वाले भारत के छोटे प्रक्षेपण यान एसएसएलवी के लॉन्चिंग की उल्टी गिनती शुक्रवार तड़के 2.30 बजे शुरू हुई.
जानें इसमें क्या है खास
राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि एक सूक्ष्म उपग्रह का डिजाइन तैयार करना और उसे विकसित करना तथा सूक्ष्म उपग्रह के अनुरूप पेलोड उपकरण बनाना एलवी-डी3-ईओएस-08 मिशन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है. माइक्रोसैट/आईएमएस-1 पर निर्मित ईओएस-08 तीन पेलोड – ‘इलेक्ट्रो ऑप्टिकल इन्फ्रारेड पेलोड’ (ईओआईआर), ‘ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम-रिफ्लेक्टोमेट्री पेलोड’ (जीएनएसएस-आर) और ‘एसआईसी यूवी डोसिमीटर’ को लेकर गया है.
आईओआईआर पेलोड को तस्वीरें खींचने के लिए तैयार किया गया है. यह पेलोड मध्यम-वेव आईआर (एमआईआर) और दीर्घ-वेव-आईआर (एनडब्ल्यूआईआर) बैंड में दिन और रात के समय तस्वीरें खींच सकता है. उपग्रह आधारित निगरानी, आपदा निगरानी, पर्यावरण निगरानी, आग लगने का पता लगाने, ज्वालामुखी गतिविधि प्रेक्षण तथा औद्योगिक एवं विद्युत संयंत्र आपदा निगरानी जैसे कार्यों के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा.
बता दें कि पहले यह प्रक्षेपण 15 अगस्त को किया जाना था. लेकिन बाद में इसे एक दिन बढ़ा दिया गया. हालांकि इसरो ने प्रक्षेपण एक दिन बाद करने की कोई वजह नहीं बताई थी. एजेंसी ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा था, ‘‘एसएसएलवी-डी3/ईओएस-08 मिशन: एसएसएलवी की तीसरी विकासात्मक उड़ान का प्रक्षेपण 16 अगस्त, 2024 को एक घंटे की ‘लॉन्च विंडो’ में भारतीय समयानुसार सुबह नौ बज कर 17 मिनट पर शुरू होने वाला है.”





