तेहरान में इजरायली हमला, खमेनेई का जवाब – ‘ईरान कभी सरेंडर नहीं करेगा’

ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध के छठे दिन बुधवार को ईरान की राजधानी तेहरान में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी AFP के मुताबिक, पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी तेहरान में कम से कम पांच जगहों पर धुएं के बड़े-बड़े गुबार दिखाई दिए। यह धमाके स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 3:50 बजे के आसपास हुए।
इजरायली सेना ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली है। इजरायली एयरफोर्स (IAF) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कहा,
“IAF इस समय तेहरान में ईरानी शासन से जुड़े सैन्य ठिकानों को निशाना बना रही है।” इन हमलों से कुछ घंटे पहले ही ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खमेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ‘बिना शर्त आत्मसमर्पण’ की मांग को सख्ती से खारिज कर दिया। 86 वर्षीय खमेनेई ने एक रिकॉर्डेड टीवी संबोधन में कहा कि अमेरिका को समझ लेना चाहिए कि कोई भी सैन्य हस्तक्षेप “अपूरणीय नुकसान” के साथ आएगा।
खमेनेई ने कहा: “जो लोग ईरान, इसकी जनता और इतिहास को जानते हैं, वे इस देश से धमकी भरी भाषा में बात नहीं करेंगे, क्योंकि ईरानी लोग कभी हार नहीं मानेंगे।” उन्होंने इजरायल के इस ताजा हमले को एक “बड़ी भूल” बताया और कहा कि इजरायल को इसका “सख्त सजा” भुगतनी पड़ेगी। साथ ही, उन्होंने किसी भी तरह के “थोपे गए शांति समझौते” को मानने से इनकार किया और कहा कि ईरान अमेरिका या इजरायल की शर्तों पर कोई संघर्षविराम स्वीकार नहीं करेगा।
तेहरान में हुए धमाकों और खमेनेई के तीखे बयान के बाद हालात और भी ज्यादा गंभीर हो गए हैं। पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय युद्ध को रोकने की कोशिशों में लगा हुआ है। लेकिन फिलहाल, न तो इजरायल पीछे हटने के संकेत दे रहा है और न ही ईरान झुकने को तैयार है।





