विदेश

गाजा पर इजरायली सेना का बड़ा हमला, हमास के 75 ठिकाने तबाह, हथियार प्रमुख बशर ताबेत मारा गया

इजरायली सेना ने रविवार को गाजा में एक बड़े सैन्य अभियान के तहत हमास के 75 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया। इस हमले में हमास के एक अहम कमांडर बशर ताबेत को मार गिराया गया। ताबेत हमास के हथियार उत्पादन मुख्यालय में हथियारों के विकास कार्यक्रम का प्रमुख था और नई तकनीकों पर रिसर्च और निर्माण की जिम्मेदारी उसी के पास थी।

इजरायली सेना ने दावा किया कि इस ऑपरेशन में आतंकी ढांचों और सुरंगों को भी तबाह कर दिया गया है, जिनका इस्तेमाल हमास द्वारा किया जा रहा था। हमलों में हमास के सैन्य परिसर और अन्य रणनीतिक ठिकानों को भी निशाना बनाया गया। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, इन ताजा हमलों में कम से कम 115 फिलीस्तीनियों की मौत हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, इनमें से 92 लोग वे थे जो राशन लेने के लिए एकत्र हुए थे, जबकि दो लोग सिविल डिफेंस यूनिट से जुड़े थे। इसके अलावा 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि पिछले 24 घंटों में 18 लोगों की मौत भूख से हुई है। इजरायली सेना ने मध्य गाजा में रहने वाले लोगों को तुरंत इलाके से हटने का निर्देश दिया है। सेना ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में गाजा पर हमले और तेज़ किए जाएंगे। इजरायली हमलों को लेकर दुनिया भर में विरोध तेज़ हो गया है। ट्यूनिशिया, इराक, तुर्किये, मोरक्को, लेबनान और वेस्ट बैंक के रामल्लाह में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और गाजा पर इजरायल की कार्रवाई का विरोध किया।

वेस्ट बैंक में रहने वाले फिलीस्तीनी नागरिकों ने आरोप लगाया है कि इलाके में बसे इजरायली नागरिक जल आपूर्ति के ढांचों पर हमला कर रहे हैं, जिससे पीने के पानी की भारी किल्लत हो गई है। इसके चलते कई लोगों को अपने गांव छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है। इस बीच, मानवाधिकार संगठनों ने स्थिति को गंभीर बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button