भारत की जीत या राजनीति की स्क्रिप्ट? सूर्य कुमार पर उठा सियासी तूफ़ान!

एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए क्रिकेट मैच को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी थमने का नाम नहीं ले रही है। आम आदमी पार्टी (AAP) लगातार इस मुकाबले और उससे जुड़े बयानों का विरोध कर रही है। दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने एक बार फिर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्य कुमार यादव पर निशाना साधा है।
दरअसल, पाकिस्तान के खिलाफ जीत को सूर्य कुमार यादव ने भारतीय सेना और पहलगाम हमले के पीड़ितों को समर्पित किया था। इस बयान पर सौरभ भारद्वाज ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि अगर यह बात किसी शहीद की विधवा या बुजुर्ग मां के सामने कही जाती, तो वह खुद जवाब देतीं।
सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “खिलाड़ी हो तो खेलो, पैसे कमाओ, लेकिन आतंकवादी देश के खिलाफ मैच खेलने के बाद शहीदों के नाम पर राजनीति मत करो। भाजपा सरकार की स्क्रिप्ट मत पढ़ो।”
मैंने जो कहा है, उस पर क़ायम हूँ , खिलाड़ी हो, खेल खेलो, पैसे भी कमाओ। मगर आतंकवादी देश के साथ खेल के बाद शहीदों के नाम पर पॉलिटिक्स मत खेलो।भाजपा सरकार की स्क्रिप्ट मत सुनाओ।
“हमारी जीत शहीदों को समर्पित” वाला ज्ञान अगर किसी शहीद की विधवा या बुजुर्ग माँ के सामने दिया होता तो…
— Saurabh Bharadwaj (@Saurabh_MLAgk) September 16, 2025
इससे पहले भी भारद्वाज ने सूर्य कुमार यादव पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि अगर उनमें साहस है, तो अपनी मैच फीस और कमाई शहीदों की विधवाओं और पीड़ित परिवारों को दान करें। उन्होंने बीसीसीआई और आईसीसी से भी अपील की थी कि खिलाड़ियों की कमाई शहीद परिवारों को दी जाए।
AAP और भाजपा के बीच इस बयान को लेकर सियासी तनातनी तेज हो गई है। जहां भाजपा समर्थक सूर्य कुमार यादव की टिप्पणी को देशभक्ति से जोड़ रहे हैं, वहीं आप नेता इसे राजनीतिक एजेंडे से प्रेरित बता रहे हैं।





