विदेश

भारत का ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’: संकट के समय पड़ोसी देश की मदद को आगे आया भारत

म्यांमार में आए विनाशकारी भूकंप में अब तक करीब 1,000 लोगों की जान जा चुकी है। इस संकट की घड़ी में भारत ने अपने पड़ोसी देश की मदद के लिए तेजी से कदम उठाए हैं। भारत की ओर से 15 टन राहत सामग्री यांगून पहुंचाई गई है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जानकारी दी कि ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ शुरू हो चुका है और भारत से भेजी गई मानवीय सहायता की पहली खेप यांगून हवाई अड्डे पर पहुंच गई है।

विदेश मंत्री ने बताया कि भारतीय वायुसेना के IAF_MCC-130 विमान से कंबल, तिरपाल, स्वच्छता किट, स्लीपिंग बैग, सोलर लैंप, भोजन के पैकेट और रसोई सेट सहित अन्य आवश्यक राहत सामग्री भेजी गई है। इसके अलावा, मेडिकल सुविधाओं की आपूर्ति भी की गई है ताकि प्रभावित लोगों को प्राथमिक चिकित्सा मिल सके।

भूकंप प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य के लिए भारत की एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की 8वीं बटालियन और भारतीय वायुसेना सक्रिय रूप से मदद कर रही है। राहत अभियान के तहत हिंडन एयरबेस से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान के जरिए सहायता सामग्री म्यांमार भेजी गई। इसमें खाद्य सामग्री, चिकित्सा आपूर्ति, शरण के लिए जरूरी वस्तुएं और अन्य आवश्यक सामान शामिल हैं।

भारत का यह राहत अभियान संकट के समय अपने पड़ोसी देशों को सहायता प्रदान करने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने बताया कि यांगून में भारत के राजदूत अभय ठाकुर ने राहत सामग्री की पहली खेप औपचारिक रूप से यांगून के मुख्यमंत्री यू सोई थीन को सौंपी। इससे म्यांमार के भूकंप प्रभावित लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

भारत का यह कदम मानवीय सहायता के प्रति उसकी तत्परता को दिखाता है और दोनों देशों के बीच मजबूत मित्रता को भी उजागर करता है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button