भारत के NSE और साइप्रस स्टॉक एक्सचेंज ने सीमा पार निवेश को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

साइप्रस: भारत और साइप्रस के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, गांधीनगर के गिफ्ट सिटी स्थित एनएसई इंटरनेशनल एक्सचेंज और साइप्रस स्टॉक एक्सचेंज ने दोहरी लिस्टिंग को सक्षम करने और वित्तीय अनुसंधान और आउटरीच कार्यक्रमों में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए.
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के एमडी और सीईओ आशीष कुमार चौहान ने एएनआई को बताया कि समझौता ज्ञापन सीमा पार निवेश के नए अवसर पैदा करने और गिफ्ट सिटी के माध्यम से यूरोपीय कंपनियों को भारत से जोड़ने में मदद करेगा.
भारत-साइप्रस CEO फोरम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “भारत-साइप्रस आर्थिक संबंधों के प्रति आपकी प्रतिबद्धता को मैंने महसूस किया है. आपके विचारों में सिर्फ संभावनाएं ही नहीं बल्कि संकल्प को भी मैं महसूस कर रहा हूं. यह स्पष्ट है कि हमारे संबंधों में आगे बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं…साइप्रस लंबे समय से हमारा विश्वसनीय साझेदार रहा है और यहां से भारत में उल्लेखनीय निवेश भी हुआ है. साइप्रस में भी कई भारतीय कंपनियां आई हैं…आज आपसी व्यापार 150 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया है लेकिन हमारे रिश्तों की वास्तविक क्षमता इससे बहुत अधिक है.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “ऐसा 6 दशक बाद हुआ है कि एक ही सरकार लगातार तीसरी बार चुनकर आई है… पिछले 10 वर्षों में डिजिटल क्रांति आई है, वित्तीय समावेशन एक मिसाल बना है. यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानी UPI के माध्यम से आज विश्व का 50% डिजिटल ट्रांजेक्शन भारत में होते हैं. फ्रांस जैसे कई देश इससे जुड़े हैं. साइप्रस को इसमें शामिल करने के लिए बातचीत चल रही है और मैं इसका स्वागत करता हूं. हम भारत में भविष्य के बुनियादी ढांचे के विकास में सालाना सौ अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश कर रहे हैं. इस साल के बजट में हमने मैन्युफैक्चरिंग मिशन की शुरुआत की है… हमारा फोकस समुद्री और बंदरगाह विकास पर है. हम शिपबिल्डिंग और शिपब्रेकिंग को भी प्राथमिकता दे रहे हैं. इसके लिए नई नीति भी लाई जा रही है. नागरिक उड्डयन क्षेत्र भी तेजी से आगे बढ़ रहा है… हमारे 1 लाख से ज्यादा स्टार्टअप्स सिर्फ सपने नहीं, समाधान बेचते हैं…”
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





