भारत

भारत का पहला स्वदेशी प्रदूषण नियंत्रण पोत ‘समुद्र प्रताप’ हुआ चालू, पीएम मोदी ने की शुभकामनाएँ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि भारत का पहला स्वदेशी प्रदूषण नियंत्रण जहाज ‘समुद्र प्रताप’ अब औपचारिक रूप से सेवा में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि इस जहाज के चालू होने से देश की आत्मनिर्भरता को और मजबूती मिली है और यह भारत की पर्यावरण संरक्षण व सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारतीय तटरक्षक पोत आईसीजीएस समुद्र प्रताप का कमीशन होना कई मायनों में खास है। यह न सिर्फ आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करता है, बल्कि देश की समुद्री सुरक्षा क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ स्थिरता और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति भारत की सोच को भी दिखाता है।


इससे पहले सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जहाज समुद्र प्रताप का शुभारंभ किया था। यह भारत का पहला स्वदेशी प्रदूषण नियंत्रण पोत है और अब तक भारतीय तटरक्षक बल के बेड़े में शामिल सबसे बड़ा जहाज भी है।

तटरक्षक बल के मुताबिक, इस पोत की मुख्य जिम्मेदारी समुद्र में होने वाले प्रदूषण से निपटना है। इसके अलावा यह समुद्री प्रदूषण नियंत्रण नियमों को लागू करने, समुद्री कानून व्यवस्था बनाए रखने, खोज एवं बचाव अभियानों और भारत के विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र की सुरक्षा में भी अहम भूमिका निभाएगा।

समुद्र प्रताप में अत्याधुनिक तकनीक से लैस कई विशेष प्रणालियां मौजूद हैं, जिनमें प्रदूषण नियंत्रण के लिए साइड-स्वीपिंग आर्म्स, फ्लोटिंग बूम, उच्च क्षमता वाले स्किमर, पोर्टेबल बजरा और एक विशेष प्रदूषण नियंत्रण प्रयोगशाला शामिल है। इसके साथ ही जहाज में बाहरी अग्निशमन प्रणाली भी लगाई गई है। मिशन की दक्षता बढ़ाने के लिए इसमें डायनेमिक पोजिशनिंग, इंटीग्रेटेड ब्रिज सिस्टम, इंटीग्रेटेड प्लेटफॉर्म मैनेजमेंट सिस्टम और ऑटोमैटिक पावर मैनेजमेंट सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं भी दी गई हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button