भारत का पाकिस्तान पर बड़ा वार: हर तरह के आयात पर पूरी तरह रोक

भारत ने एक बार फिर आतंकवाद को पनाह देने वाले पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए दर्दनाक आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान से होने वाले हर प्रकार के आयात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध सीधे और परोक्ष दोनों तरह के आयात पर लागू होगा — यानी अब पाकिस्तान से किसी तीसरे देश के जरिए आने वाला सामान भी पूरी तरह बैन होगा।
वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक नीति के हित में उठाया गया है। इस फैसले को विदेश व्यापार नीति 2023 का हिस्सा बना दिया गया है। यदि किसी खास परिस्थिति में आयात की जरूरत होगी, तो सरकार से विशेष मंजूरी लेना अनिवार्य होगा।
Direct or indirect Import or transit of all goods originating in or exported from Pakistan, whether or not freely importable or otherwise permitted, shall be prohibited with immediate effect. pic.twitter.com/KBamc3DhdW
— ANI (@ANI) May 3, 2025
2024-25 के दौरान अप्रैल से जनवरी के बीच भारत ने पाकिस्तान से केवल 0.42 मिलियन डॉलर का सामान आयात किया था, जिसमें तांबा, सूखे मेवे, कपास, जैविक रसायन, कांच और चमड़े के उत्पाद शामिल थे। वहीं दूसरी ओर, इसी अवधि में भारत ने पाकिस्तान को 447.65 मिलियन डॉलर का सामान निर्यात किया। इसमें फार्मा उत्पाद, पेट्रोलियम, खाद्य सामग्री, उर्वरक, रबर और ऑटो पार्ट्स शामिल हैं। यह साफ दिखाता है कि भारत का नुकसान न्यूनतम है, जबकि पाकिस्तान को भारी झटका लगेगा।
भारत ने केवल व्यापार तक ही सीमित नहीं रहकर, पाकिस्तान पर अंतरराष्ट्रीय आर्थिक दबाव बढ़ाने की तैयारी भी की है। सरकार ने IMF से पाकिस्तान को दिए जा रहे कर्ज की समीक्षा की मांग की है और FATF की ग्रे लिस्ट में फिर से डालने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। यदि ये कदम सफल होते हैं, तो पाकिस्तान की पहले से जर्जर अर्थव्यवस्था और भी बिखर सकती है।
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने 26 निर्दोष पर्यटकों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। आतंकियों ने पहले पर्यटकों का धर्म पूछा, फिर हिंदू पहचानने के बाद गोलियों से भून दिया। यह हमला सेना की वर्दी में आए आतंकियों ने बायसरन घाटी में अंजाम दिया।





