भारत का करारा जवाब: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान बौखलाया, लाहौर में एयर डिफेंस सिस्टम तबाह

पहलगाम हमले के बाद भारत की सख्त कार्रवाई से पाकिस्तान पूरी तरह बौखला गया है। भारत द्वारा किए गए मिसाइल हमलों के जवाब में पाकिस्तान ने अग्रिम भारतीय ठिकानों पर भारी गोलाबारी की, लेकिन उसे हर कदम पर मुँह की खानी पड़ी। भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान को गंभीर नुकसान उठाना पड़ा है, जिसमें लाहौर स्थित उसका एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है।
पाकिस्तान ने जवाबी हमले की नाकाम कोशिश करते हुए भारत के 15 शहरों को निशाना बनाया। इनमें श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, लुधियाना, चंडीगढ़ और भुज जैसे रणनीतिक सैन्य ठिकाने शामिल थे। पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया, लेकिन भारतीय वायु रक्षा प्रणाली और काउंटर-यूएएस तकनीक ने समय रहते इन हमलों को निष्क्रिय कर दिया। मलबे को भी बरामद कर लिया गया है, जिससे पाकिस्तान की मंशा पूरी तरह उजागर हो गई है।
गुरुवार शाम विदेश सचिव विवेक मिस्री, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह दोहराया कि भारत का जवाब संतुलित था और उसका मकसद संघर्ष को बढ़ावा देना नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत ने सिर्फ सैन्य खतरे को निष्क्रिय किया और अगर भविष्य में भारत पर कोई हमला होता है, तो उसका जवाब और भी सटीक और तीव्र होगा।
विश्वसनीय सैन्य सूत्रों के अनुसार, भारत की जवाबी कार्रवाई में लाहौर में पाकिस्तान का अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। इसके बाद नियंत्रण रेखा पर भी पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कई सेक्टरों — कुपवाड़ा, पुंछ, उड़ी और राजौरी — में मोर्टार दागे, जिसमें 16 नागरिकों की जान चली गई। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
भारतीय सेना ने सीमावर्ती गोलाबारी का भी मुंहतोड़ जवाब दिया, जिसके बाद पाकिस्तान को अपनी कार्रवाई रोकनी पड़ी।





