बाफ्टा में भारतीय सिनेमा की ऐतिहासिक जीत, फिल्म ‘बूंग’ को मिला सम्मान

ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स (BAFTA) ने अपने 79वें बाफ्टा अवॉर्ड्स के विजेताओं के नाम घोषित कर दिए हैं। इस प्रतिष्ठित समारोह का आयोजन लंदन के रॉयल फेस्टिवल हॉल में किया गया, जिसकी मेज़बानी स्कॉटिश अभिनेता, लेखक और होस्ट एलन कमिंग ने की।
इस साल बाफ्टा में फिल्म ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ का जलवा देखने को मिला। फिल्म को कुल 14 नॉमिनेशन मिले थे, जिनमें से इसने 6 अवॉर्ड अपने नाम किए। वहीं फिल्म ‘सिनर्स’ भी कई अहम कैटेगरी में छाई रही। भारतीय सिनेमा के लिए यह समारोह खास रहा। फरहान अख्तर की फिल्म ‘बूंग’, जिसका निर्देशन लक्ष्मीप्रिया देवी ने किया है, ने बेस्ट चिल्ड्रन एंड फैमिली फिल्म का अवॉर्ड जीता। बाफ्टा के इतिहास में यह पहली भारतीय फिल्म है, जिसे यह सम्मान मिला है।
इस मौके पर दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को भी खास श्रद्धांजलि दी गई। बाफ्टा के इन मेमोरियम सेगमेंट में उन कलाकारों को याद किया गया, जिन्होंने दशकों तक सिनेमा और संस्कृति को अमूल्य योगदान दिया।
बाफ्टा अवॉर्ड्स 2026: विजेताओं की सूची
बेस्ट एक्ट्रेस: जेसी बकले – हैमनेट
बेस्ट एक्टर: रॉबर्ट अरामायो – आई स्वियर
बेस्ट डायरेक्टर: पॉल थॉमस एंडरसन – वन बैटल आफ्टर अनदर
बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर: शॉन पेन – वन बैटल आफ्टर अनदर
बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस: वुनमी मोसाकू – सिनर्स
आउटस्टैंडिंग ब्रिटिश फिल्म: हैमनेट
बेस्ट चिल्ड्रन एंड फैमिली फिल्म: बूंग
बेस्ट स्क्रीनप्ले: सिनर्स
बेस्ट एनिमेटेड फिल्म: जूटोपिया 2
बेस्ट डॉक्यूमेंट्री: मिस्टर नोबडी अगेंस्ट पुतिन
बेस्ट सिनेमैटोग्राफी: वन बैटल आफ्टर अनदर
बेस्ट एडिटिंग: वन बैटल आफ्टर अनदर
स्पेशल विजुअल इफेक्ट्स: अवतार: फायर एंड ऐश
ब्रिटिश शॉर्ट फिल्म / राइजिंग स्टार: दिस इज एंडोमेट्रियोसिस
बाफ्टा में आलिया भट्ट का खास अंदाज़
इस बार बाफ्टा अवॉर्ड्स में आलिया भट्ट भी खास वजह से चर्चा में रहीं। उन्होंने पहली बार बाफ्टा मंच पर किसी अवॉर्ड को प्रेज़ेंट किया। आलिया को बेस्ट नॉन-इंग्लिश फिल्म कैटेगरी का अवॉर्ड देने के लिए बुलाया गया था। उन्होंने अपनी स्पीच हिंदी में दी और फिर उसका अर्थ भी समझाया। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और दर्शक उनके इस अंदाज़ की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
बेस्ट नॉन-इंग्लिश फिल्म का अवॉर्ड ‘सेंटिमेंटल वैल्यू’ को मिला है, जो इस साल ऑस्कर अवॉर्ड्स के लिए भी नॉमिनेटेड है। कुल मिलाकर, इस साल के बाफ्टा अवॉर्ड्स में ग्लोबल सिनेमा के साथ-साथ भारतीय फिल्मों और कलाकारों की मजबूत मौजूदगी देखने को मिली।





