भारत

भारतीय सेना ने पाकिस्तानी ड्रोन हमले को नाकाम किया, 50 से ज्यादा ड्रोन मार गिराए

बुधवार रात भारतीय सेना ने एक बड़े पैमाने पर की गई कार्रवाई में पाकिस्तान की ओर से भेजे गए 50 से ज्यादा ड्रोन को मार गिराया। यह घटना नियंत्रण रेखा (LoC) और अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) से सटे कई इलाकों में हुई, जहां पाकिस्तान ने एक साथ कई जगहों पर ड्रोन भेजने की कोशिश की।

सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की तरफ से स्वार्म ड्रोन (एक साथ कई ड्रोन) भेजे गए थे, जिनका मकसद भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ करना था। भारतीय सेना की एयर डिफेंस यूनिट्स ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए सभी ड्रोन को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया।

यह ऑपरेशन जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, सांबा, जम्मू, अखनूर, नगरोटा और पठानकोट जैसे इलाकों में अंजाम दिया गया। सेना ने इस दौरान L-70 गन, Zu-23mm, शिल्का सिस्टम जैसे आधुनिक हथियारों और अन्य ड्रोन-रोधी उपकरणों का इस्तेमाल किया।

सेना के एक अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई भारतीय सेना की हवाई खतरों से निपटने की क्षमता को दर्शाती है। इस ऑपरेशन में सेना ने पूरी मुस्तैदी और सटीकता के साथ जवाब दिया।

घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा, “मैं जम्मू जा रहा हूं ताकि बीती रात हुए पाकिस्तानी ड्रोन हमले के बाद की स्थिति का जायजा ले सकूं।”


सीमा से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों ने बताया कि रात भर गोलियों और धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे दहशत का माहौल बना रहा। हालांकि सेना की त्वरित कार्रवाई से किसी तरह की बड़ी क्षति नहीं हुई।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button