भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट: चोटिल ऋषभ पंत ने जड़ी हिम्मत से हाफ सेंचुरी

मैन्चेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे चौथे टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत ने हिम्मत भरी पारी खेली। चोट के बावजूद मैदान पर उतरे पंत ने 54 रन बनाए और भारत को मज़बूत स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि एक शानदार गेंद पर इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ जॉफ्रा आर्चर ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया।
पंत ने अपनी 54 रनों की पारी के दौरान 75 गेंदें खेलीं और कई शानदार शॉट्स लगाए। लेकिन अंत में जॉफ्रा आर्चर की एक “पीच ऑफ अ डिलिवरी” उनके लिए घातक साबित हुई। इस दौरान भारत की पारी 9 विकेट पर 350 रन के पार पहुंच चुकी थी। आखिरी विकेट के लिए जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज क्रीज़ पर मौजूद थे।
गौरतलब है कि ऋषभ पंत को पहले दिन के खेल में चोट लगी थी। इंग्लैंड के गेंदबाज़ क्रिस वोक्स की एक गेंद पर रिवर्स स्वीप करने के प्रयास में पंत का दाहिना पैर मुड़ गया था और उन्हें काफी दर्द के साथ मैदान से बाहर ले जाया गया। मेडिकल जांच में उनकी पैर की उंगली में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बताया कि पंत विकेटकीपिंग नहीं करेंगे और सिर्फ बल्लेबाज़ी करेंगे।
BCCI की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उन्हें 6 हफ्तों तक आराम की सलाह दी गई है। उनकी जगह विकेट के पीछे ध्रुव जुरेल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऋषभ पंत की यह पारी ना सिर्फ स्कोर बोर्ड के लिए अहम रही, बल्कि यह जज्बे और खेल भावना की भी मिसाल बनी। चोट से जूझते हुए मैदान में उतरना और टीम के लिए अर्धशतक जमाना, पंत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि भारत की गेंदबाज़ी इंग्लैंड के जवाब में कैसा प्रदर्शन करती है।





