भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करेगा भारत

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज का आगाज़ आज बुधवार से कैनबरा के मनुका ओवल में हो रहा है। दोनों टीमें शानदार फॉर्म में हैं — अपने पिछले 10 टी-20 मुकाबलों में भारत और ऑस्ट्रेलिया ने 8-8 मैच जीते हैं। यह सीरीज अगले साल होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों की शुरुआत मानी जा रही है। पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है।
टीम इंडिया की ओर से निगाहें सबसे ज्यादा कप्तान सूर्यकुमार यादव पर होंगी। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर सूर्या हाल के मैचों में लय में नजर नहीं आए हैं और लंबे समय से बड़ा स्कोर नहीं बना पाए हैं। एशिया कप में भी उनका बल्ला खामोश रहा था। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह सीरीज उनके लिए फॉर्म में वापसी का अहम मौका होगी।
वहीं ऑस्ट्रेलिया की ओर से आईपीएल में पंजाब किंग्स की ओर से खेल चुके युवा खिलाड़ी मिचेल ओवेन पर सभी की नजर रहेगी। वनडे सीरीज में भारत के खिलाफ उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। अब देखना होगा कि वे भारत की स्पिन आक्रमण के खिलाफ किस तरह खेलते हैं। यह सीरीज टीम इंडिया के लिए दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के आगामी दौरों से पहले ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों में महत्वपूर्ण मैच अभ्यास का सुनहरा अवसर है।
टीम इंडिया की प्लेइंग XI:
अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग XI:
मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), टिम डेविड, मिचेल ओवेन, मार्कस स्टोइनिस, जोश फिलिप, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, मैथ्यू कूनेमन, जोश हेज़लवुड





