राम मंदिर ध्वजारोहण समारोह पर पाक की टिप्पणी पर भारत का जवाब—‘कोई नैतिक आधार नहीं’

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के ध्वजारोहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी पर पाकिस्तान की विवादित टिप्पणी के बाद भारत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट कहा कि पाकिस्तान की टिप्पणी को उसी अवमानना के साथ खारिज किया जाता है जिसके वह योग्य है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान का इतिहास कट्टरता, दमन और अल्पसंख्यकों के साथ दुर्व्यवहार से भरा है, इसलिए उसे किसी अन्य देश को उपदेश देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को पाखंडी बयान देने के बजाय अपने मानवाधिकार रिकॉर्ड पर ध्यान देना चाहिए।
अरुणाचल प्रदेश की निवासी भारतीय नागरिक प्रेमा थांगडोक को शंघाई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर घंटों रोके जाने के मामले में भारत ने चीन के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। प्रवक्ता जायसवाल ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न हिस्सा है और चीन चाहे जितना इनकार करे, इस सच्चाई को बदल नहीं सकता। उन्होंने बताया कि घटना सामने आते ही बीजिंग और नई दिल्ली, दोनों जगह चीन को सख्त डिमार्शे दिया गया। भारत ने दोहराया कि अपने नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर वह कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेगा।
Weekly Media Briefing by the Official Spokesperson (November 26, 2025)
https://t.co/vgKqo6rHUY— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) November 26, 2025
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर आए अनुरोध पर भारत ने कहा है कि औपचारिक अनुरोध प्राप्त हो चुका है और उसकी विस्तृत समीक्षा की जा रही है। जायसवाल ने कहा कि भारत बांग्लादेश के लोगों के साथ अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है और यह मुद्दा संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
अफगानिस्तान के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री की हालिया भारत यात्रा को लेकर विदेश मंत्रालय ने बताया कि उन्होंने भारतीय विदेश मंत्री और अन्य वरिष्ठ मंत्रियों के साथ विस्तृत वार्ताएं कीं। अफगान कंपनियों ने इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में भी हिस्सा लिया, जहां दोनों देशों ने व्यापार और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया।
भारत-अमेरिका संबंधों पर प्रवक्ता ने कहा कि दोनों देशों के बीच न केवल मजबूत बल्कि संस्थागत और दीर्घकालिक सहयोग है। हाल के वर्षों में परिचालन सहयोग बढ़ा है और रणनीतिक साझेदारी और अधिक सुदृढ़ हुई है।





