आज भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला, कोलंबो में भिड़ेंगी दोनों टीमें

क्रिकेट फैंस का इंतजार आज खत्म होने वाला है। 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मैच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होगा, जहां सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया का सामना सलमान आगा की अगुवाई में उतर रही पाकिस्तानी टीम से होगा।
मैदान के बाहर चल रहे विवादों को पीछे छोड़ते हुए आईसीसी और पीसीबी ने इस मैच के आयोजन को लेकर सहमति बना ली है। अब सबकी निगाहें कोलंबो की स्पिन मददगार पिच पर हैं। यहां भारतीय बल्लेबाजों की असली परीक्षा पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाजों के सामने होगी। एशिया कप 2025 में भारत का प्रदर्शन पाकिस्तान के खिलाफ बेहतर रहा था, लेकिन आज के मुकाबले में कौन बाजी मारेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।
अगर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान के आमने-सामने के रिकॉर्ड की बात करें तो अब तक दोनों टीमों के बीच 16 मुकाबले खेले गए हैं। ये सभी मैच मल्टी-टीम टूर्नामेंट में हुए हैं। आंकड़ों में भारत का दबदबा साफ नजर आता है। टीम इंडिया ने 13 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 मैचों में सफलता मिली है।
ग्रुप-ए की अंक तालिका में भारतीय टीम फिलहाल शीर्ष पर है और उसका नेट रन रेट भी काफी मजबूत है। सूर्यकुमार यादव की टीम शानदार फॉर्म में है और अगर भारत आज पाकिस्तान को हरा देता है तो उसकी सुपर-8 की राह लगभग तय हो जाएगी। वहीं, पाकिस्तान को आगे का रास्ता कठिन हो सकता है और उसे नामीबिया के खिलाफ मुकाबला जीतना जरूरी हो जाएगा।
दोनों टीमें अपने-अपने शुरुआती मुकाबले जीत चुकी हैं और सुपर-8 की ओर मजबूत कदम बढ़ा चुकी हैं। लेकिन आज के मैच में एक टीम को अंक गंवाने पड़ेंगे। जो टीम जीतेगी, वह सीधे सुपर-8 में जगह बना लेगी। हारने वाली टीम के लिए अगला मैच ‘करो या मरो’ जैसा होगा।
मौसम भी इस मुकाबले में अहम भूमिका निभा सकता है। कोलंबो में बारिश की संभावना जताई जा रही है। अगर बारिश की वजह से मैच रद्द हो जाता है, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा। ऐसी स्थिति में भारत और पाकिस्तान दोनों के तीन मैचों में पांच-पांच अंक हो जाएंगे और दोनों टीमें ग्रुप-ए से सुपर-8 में पहुंच जाएंगी।
अब देखना यह है कि मैदान पर किस टीम का दबदबा रहता है और क्या सूर्या की टीम पाकिस्तान पर अपनी जीत की लय कायम रख पाएगी या सलमान आगा की टीम इतिहास बदलने में कामयाब होगी।





