विदेश

भारत ने चीनी नागरिकों के लिए खोले टूरिस्ट वीज़ा, LAC तनाव के बाद रिश्तों में आ रही है नरमी

भारत ने चीनी नागरिकों के लिए पर्यटक वीज़ा सुविधा फिर से शुरू कर दी है। अब चीनी नागरिक दुनिया भर में मौजूद भारतीय दूतावासों और कॉन्सुलेट्स के माध्यम से टूरिस्ट वीज़ा के लिए आवेदन कर सकेंगे। यह फैसला ऐसे समय आया है जब दोनों देश लाइन ऑफ़ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) पर लंबे समय से चले आ रहे सैन्य तनाव के बाद रिश्तों को सामान्य करने की कोशिश में जुटे हैं।

यह कदम चीनियों के लिए जुलाई में सीमित रूप से टूरिस्ट वीज़ा बहाल किए जाने के करीब चार महीने बाद उठाया गया है। अप्रैल–मई 2020 में LAC पर टकराव शुरू होने के बाद भारत ने चीनी नागरिकों के पर्यटक वीज़ा को पूरी तरह रोक दिया था। गलवान घाटी की हिंसक झड़प, जिसमें 20 भारतीय सैनिक शहीद हुए थे और कम से कम चार चीनी सैनिक मारे गए थे, दोनों देशों के रिश्तों को छह दशक के सबसे निचले स्तर पर ले गई थी।

सूत्रों के अनुसार, इस सप्ताह भारतीय दूतावासों और कॉन्सुलेट्स ने दुनिया भर में चीनी नागरिकों के लिए टूरिस्ट वीज़ा स्वीकार करना शुरू कर दिया है। हालांकि इस संबंध में सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

दोनों देशों ने हाल के महीनों में रिश्तों को स्थिर और सुधरने की दिशा में कई “लोग-केंद्रित कदम” उठाए हैं। इनमें अक्टूबर में दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें बहाल होना भी शामिल है, जो कोरोना महामारी और सीमा तनाव के चलते 2020 से बंद थीं।

भारत और चीन इस साल गर्मियों में कैलाश मानसरोवर यात्रा दोबारा शुरू करने पर भी सहमत हुए हैं। इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों के लिए वीज़ा सुविधा में सुधार, और दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। जुलाई में भारत ने बीजिंग, शंघाई, ग्वांगझू और हांगकांग में स्थित भारतीय मिशनों के माध्यम से चीनी नागरिकों के लिए टूरिस्ट वीज़ा सीमित रूप से फिर से शुरू किया था, जिसे अब वैश्विक स्तर पर बढ़ा दिया गया है।

स्त्रोतों के अनुसार, सभी ये कदम “दोनों देशों के नेताओं द्वारा निर्देशित लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने” के उद्देश्य से उठाए जा रहे हैं। भारत और चीन ने अक्टूबर 2024 में LAC के अग्रिम मोर्चों से सैन्य बलों को हटाने पर सहमति बनाई थी। इसके बाद रूस के कज़ान शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाक़ात हुई, जहां दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंध सामान्य करने और सीमा विवाद को सुलझाने के लिए विभिन्न तंत्रों को दोबारा सक्रिय करने पर सहमति व्यक्त की।

तब से दोनों देशों के विदेश मंत्रियों, रक्षा मंत्रियों, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और सीमा मुद्दे पर विशेष प्रतिनिधियों – भारत के एनएसए अजीत डोभाल और चीन के विदेश मंत्री वांग यी – के बीच कई दौर की बैठकों का आयोजन हुआ है। इन बैठकों में सीमा व्यापार, आर्थिक सहयोग जैसे कई क्षेत्रों में रिश्तों को आगे बढ़ाने पर महत्वपूर्ण समझौते हुए। चीन ने भारत की कुछ व्यापारिक चिंताओं को दूर करने के लिए दुर्लभ धातुओं के निर्यात प्रतिबंध जैसे मुद्दों पर भी कदम उठाए हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button