भारत

भारत तेजी से तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राजकोट में आयोजित वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारत की तेज आर्थिक प्रगति और राजनीतिक स्थिरता की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन 21वीं सदी में भारत के आत्मविश्वास भरे सफर का प्रतीक बन चुका है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत बहुत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि भारत इस समय दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है। देश में महंगाई नियंत्रण में है, कृषि उत्पादन लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है और भारत आज दूध उत्पादन में दुनिया में नंबर एक है।

2026 में गुजरात की अपनी पहली यात्रा का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने साल की शुरुआत सोमनाथ मंदिर में दर्शन से की और इसके बाद सौराष्ट्र में इस बड़े विकास मंच से जुड़े। उन्होंने कहा कि गुजरात अपनी आस्था और विकास के संतुलन के लिए पूरे देश के लिए एक मॉडल है।

पीएम मोदी ने कहा, “जब भी वाइब्रेंट गुजरात मंच लगता है, मैं इसे सिर्फ एक सम्मेलन नहीं, बल्कि आधुनिक भारत की 21वीं सदी की यात्रा के रूप में देखता हूं। यह एक सपने से शुरू हुआ सफर है, जो आज मजबूत आत्मविश्वास तक पहुंच चुका है।” उन्होंने बताया कि पिछले 20 वर्षों में वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक स्तर पर एक पहचान बन चुका है और अब तक इसके 10 संस्करण हो चुके हैं।

प्रधानमंत्री ने देश में मौजूदा राजनीतिक स्थिरता को आर्थिक विकास की बड़ी वजह बताया। उन्होंने कहा कि इसी स्थिरता के कारण भारत दुनिया के सामने निवेश, नवाचार और दीर्घकालिक साझेदारी के लिए एक भरोसेमंद देश के रूप में उभरा है। पीएम मोदी ने भारत की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि देश आज जेनेरिक दवाओं के उत्पादन में नंबर एक है और दुनिया में सबसे ज्यादा वैक्सीन भी भारत ही बनाता है। उन्होंने बताया कि पिछले 11 सालों में भारत दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल डेटा उपभोक्ता बन गया है।

भारत का UPI सिस्टम दुनिया का नंबर-1 रियल टाइम डिजिटल ट्रांजैक्शन प्लेटफॉर्म है। इसके अलावा भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता, तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम, तीसरा सबसे बड़ा एविएशन मार्केट और मेट्रो नेटवर्क के मामले में भी दुनिया के टॉप-3 देशों में शामिल है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वाइब्रेंट गुजरात जैसे मंच भारत की ताकत को दुनिया के सामने मजबूती से पेश कर रहे हैं और आने वाले समय में देश की भूमिका वैश्विक स्तर पर और मजबूत होगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button