ताज़ा खबरें

76वें गणतंत्र दिवस के रंग में डूबा भारत, कर्तव्य पथ पर दिखेगी भारत की ताकत

आज पूरा भारत देश 76वें गणतंत्र दिवस के जश्न में डूबा है. इस अवसर पर भारत के सैन्य क्षमता के साथ सांस्कृतिक विविधता, एकता, समानता और विकास का अद्भुत संगम कर्तव्य पथ पर दिखेगा. इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य विषय संविधान की 75वीं वर्षगांठ है, लेकिन झांकियों का विषय ‘स्वर्णिम भारत : विरासत और विकास’ है.

 

दरअसल आज 26 जनवरी को पूरा भारत 76वें गणतंत्र दिवस के रंग में सराबोर है. वहीं आज 10:30 बजे गणतंत्र दिवस परेड होगी. इस दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, इसके बाद वह कर्तव्य पथ पर परेड देखने के लिए पहुंचेंगे और परंपरा के अनुसार, राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और उसके बाद राष्ट्रीय गीत होगा, जिसमें 21 तोपों की सलामी दी जाएगी.

 

आज परेड में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 16 झांकियां और केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों और संगठनों की 15 झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी. इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो इस अवसर पर मुख्य अतिथि होंगे. परेड में इंडोनेशिया का एक मार्चिंग दस्ता और बैंड का एक दल भी भाग लेगा. सुबियांतो गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने वाले इंडोनेशिया के चौथे राष्ट्रपति होंगे. इंडोनेशिया के पहले राष्ट्रपति सुकर्णो 1950 में भारत के पहले गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि थे.

 

समारोह में आमंत्रित किए गए मेहमान

इस वर्ष समारोह के दौरान करीब 10,000 विशेष मेहमानों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें जयवायु कार्यकर्ता, शहीद सैनिकों के परिवार और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं. इन मेहमान में वह विशिष्ट मेहमान भी शामिल हैं, जिन्होंने ‘स्वर्णिम भारत’ के निर्माण में उल्‍लेखनीय योगदान दिया है.

 

दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, परेड मार्ग (जो विजय चौक से लाल किले तक फैला हुआ है) की ओर जाने वाली सड़कों पर डायवर्सन लागू है. विशेष रूप से सी-हेक्सागन क्षेत्र शनिवार रात 9:15 बजे के बाद से ही बंद कर दिया गया है. गणतंत्र दिवस परेड 26 जनवरी को सुबह 10:30 बजे शुरू होगी. परेड विजय चौक, कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागन, तिलक रोड और बहादुर शाह जफर रोड से होकर गुजरेगी, जो लाल किले पर समाप्त होगी.

Show More

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button