PAK सेना प्रमुख की ‘आधी दुनिया को तबाह कर देने’ की परमाणु धमकी पर भारत का पलटवार

भारत ने सोमवार को पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर की परमाणु युद्ध की धमकी की कड़ी निंदा की और इसे ‘गैरजिम्मेदाराना’ बताया तथा कहा कि यह सामूहिक विनाश के हथियारों के मामले में इस्लामाबाद के परेशान करने वाले रिकॉर्ड की याद दिलाता है.
भारत ने दो टूक कहा है कि परमाणु युद्ध की धमकियों के आगे नहीं झुकेगा. भारत ने अमेरिकी दौरे पर पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष जनरल आसिम मुनीर की गीदड़भभकियों पर ये जवाब दिया है. भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि, हमारा ध्यान पाकिस्तानी सेनाध्यक्ष द्वारा अमेरिका की यात्रा के दौरान कथित तौर पर की गई टिप्पणियों की ओर आकर्षित हुआ है. परमाणु हथियार लहराना पाकिस्तान की आदत है. अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ऐसी टिप्पणियों में निहित गैरज़िम्मेदारी पर अपने निष्कर्ष निकाल सकता है, जो ऐसे देश में परमाणु कमान और नियंत्रण की अखंडता पर गहरी शंकाओं को और पुष्ट करती हैं जहां सेना आतंकवादी समूहों के साथ मिली हुई है.
Statement by Official Spokesperson⬇️
🔗 https://t.co/aEi9bMFOHi pic.twitter.com/AGyyGNu8gv— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) August 11, 2025
असीम मुनीर ने क्या कहा?
फ्लोरिडा के टैम्पा में पाकिस्तानी प्रवासियों की एक सभा को संबोधित करते हुए, मुनीर ने खुले तौर पर परमाणु युद्ध की चेतावनी दी और दावा किया कि अगर भविष्य में भारत के साथ युद्ध में पाकिस्तान को अस्तित्व का खतरा हुआ, तो वह “आधी दुनिया को तबाह कर देगा”.
उन्होंने कहा, “हम एक परमाणु संपन्न राष्ट्र हैं. अगर हमें लगता है कि हम तबाह हो रहे हैं, तो हम आधी दुनिया को अपने साथ तबाह कर देंगे.” ऐसा लगता है कि यह अमेरिका की धरती से किसी तीसरे देश को दी गई पहली ज्ञात परमाणु धमकी है.
मुनीर ने सिंधु नदी के जलमार्गों पर भारत द्वारा बनाए जाने वाले किसी भी बुनियादी ढाँचे को नष्ट करने की भी कसम खाई और नई दिल्ली को पाकिस्तान की ओर जल प्रवाह में बाधा डालने वाले किसी भी कदम के खिलाफ चेतावनी दी. उन्होंने दावा किया कि अप्रैल में पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत द्वारा सिंधु जल संधि को निलंबित करने से 25 करोड़ लोगों को खतरा हो सकता है.
“हम भारत द्वारा बाँध बनाने का इंतज़ार करेंगे, और जब वह ऐसा करेगा, तो फिर दस मिसाइलों से उसे नष्ट कर देंगे… सिंधु नदी भारतीयों की पारिवारिक संपत्ति नहीं है. हमें मिसाइलों की कमी नहीं है, अल-हम्दुलिल्लाह,” उन्होंने कथित तौर पर कहा था.





