‘भारत-रूस अपनी मरी अर्थव्यवस्था को लेकर डूब जाएं…’: ट्रंप ने की भारत-रूस संबंधों की आलोचना

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और रूस को लेकर एक बार फिर तीखा हमला बोला है. भारत के खिलाफ 25 फीसदी का टैरिफ लगाने के बाद उन्होंने यह तंज कसा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस बात की कोई परवाह नहीं कि भारत रूस के साथ क्या करता है.
उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, ‘ये दोनों अपनी मरी हुई अर्थव्यवस्थाएं साथ लेकर डूबें, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता.’ ट्रंप ने भारत पर व्यापार के मोर्चे पर भी निशाना साधा. उन्होंने लिखा, ‘हमने भारत के साथ बहुत ही कम व्यापार किया है, क्योंकि उनके टैरिफ दुनिया में सबसे ऊंचे हैं.’ उन्होंने भारत की व्यापार नीतियों को ‘कठिन और परेशान करने वाला’ करार दिया और कहा कि भारत के साथ व्यापार करना अमेरिका के लिए फायदेमंद नहीं रहा है.
इस पोस्ट में ट्रंप ने रूस पर भी हमला बोला और वहां के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव को ‘फेल हो चुका राष्ट्रपति’ बताया. ट्रंप ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, ‘उसे अपनी ज़ुबान पर लगाम लगानी चाहिए, क्योंकि वो बेहद खतरनाक इलाके में कदम रख रहा है.’
आपको बता दें कि बीते दिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का ऐलान किया था. उन्होंने कहा था कि यह टैरिफ 1 अगस्त से लागू होगा. इसके साथ ही कुछ देर बाद ही ट्रंप ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि वाशिंगटन और नई दिल्ली के साथ अभी भी व्यापार वार्ता जारी है. देखते हैं क्या होता है. भारत दुनिया में सबसे ज़्यादा या लगभग सबसे ज़्यादा टैरिफ लगाने वाला देश था… हम अभी भारत के साथ बातचीत कर रहे हैं.”
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





