US-ईरान तनाव का असर: बाजार में गिरावट, कच्चे तेल की कीमतें उछलीं

वैश्विक तनाव के असर से सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली। BSE Sensex और NSE Nifty50 दोनों ही दिन की शुरुआत में तेज गिरावट के साथ खुले।
अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता टूटने और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी। खबरों के मुताबिक, ईरान के बंदरगाहों के आसपास अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी की आशंका और इजराइल द्वारा हमले फिर शुरू करने की योजना ने बाजार के माहौल को और कमजोर कर दिया।
इसका असर कच्चे तेल की कीमतों पर भी पड़ा। Brent Crude Oil की कीमत बढ़कर करीब 101.86 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई, जिससे निवेशकों की चिंता और बढ़ गई। दिन की शुरुआत में सेंसेक्स करीब 1,400 अंकों से ज्यादा टूट गया, जबकि निफ्टी में भी लगभग 480 अंकों की गिरावट देखी गई। हालांकि, दिन के दौरान बाजार में थोड़ी रिकवरी आई और नुकसान कुछ हद तक कम हुआ।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स करीब 700 अंक नीचे बंद हुआ, जबकि निफ्टी में लगभग 200 अंकों की गिरावट रही। विशेषज्ञों का कहना है कि तेल की बढ़ती कीमतें और वैश्विक अनिश्चितता निवेशकों के भरोसे पर असर डाल रही हैं। खासतौर पर भारत जैसे तेल आयात करने वाले देश के लिए यह स्थिति महंगाई बढ़ाने वाली हो सकती है।
कुल मिलाकर, वैश्विक हालात को देखते हुए निवेशक सतर्क नजर आए और कई सेक्टरों में बिकवाली देखने को मिली।





