अमेरिका से निकाले गए अवैध भारतीय अप्रवासियों को भेजा गया उनके घर!

अमेरिका से अमृतसर भेजे गए अवैध भारतीय प्रवासियों के तीसरे जत्थे को अब उनके संबंधित राज्यों में भेजा जा रहा है. अमृतसर हवाई अड्डे के बाहर की तस्वीरों में भारतीय नागरिक एक बस में सवार होकर अपने-अपने घरों की ओर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं.
इससे पहले, अमृतसर की डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने कहा कि रविवार को अमृतसर में उतरे विमान में 112 लोग सवार थे, जिसमें कथित तौर पर अवैध रूप से अमेरिका में प्रवास करने वाले भारतीय नागरिकों का तीसरा जत्था सवार था. पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, लोगों को भोजन और डायपर जैसी उनकी जरूरत की सभी चीजें मुहैया कराई गई हैं. उन्होंने आगे कहा कि उनके घर लौटने की व्यवस्था कर दी गई है.
साक्षी साहनी ने कहा, “इस फ्लाइट से 112 लोग आए हैं. अभी उनका इमिग्रेशन चल रहा है. हमने उन्हें हर वो चीज मुहैया कराई जिसकी उन्हें जरूरत थी: खाना डायपर, फॉर्मुला. हमने हर चीज का इंतजाम किया है. उनके घर जाने के लिए इंतजाम किए गए हैं. इसलिए, इमिग्रेशन किया जा रहा है और इसमें काफी समय लगेगा.”
जब फ्लाइट से आने वाली महिलाओँ और बच्चों की संख्या के बारे में पूछा गया तो साक्षी साहनी ने जवाब दिया कि, “हम डेटा शेयर करेंगे. आइए इमिग्रेशन का काम पूरा करें.” भारतीय नागरिकों के तीसरे बैच को लेकर विमान अमृतसर में कथित तौर पर अवैध रूप से अमेरिका में प्रवास करने वाले भारतीय नागरिकों के दूसरे बैच के उतरने के ठीक एक दिन बाद पहुंचा.





