खेल

टीम की हार की जिम्मेदारी मेरी, भविष्य का फैसला BCCI करेगी: गौतम गंभीर

भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 0-2 की टेस्ट सीरीज हार के बाद सवालों के घेरे में आ गए हैं। दक्षिण अफ्रीका ने 25 साल बाद भारत में टेस्ट सीरीज़ जीती है, और यह नतीजा भारतीय टेस्ट क्रिकेट के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है।  टेस्ट में 408 रन की हार के बाद गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा कि उनके भविष्य का फैसला बीसीसीआई करेगी।

गंभीर ने कहा, “ये फैसला बीसीसीआई का है। मैंने पहले भी कहा है—भारतीय क्रिकेट महत्वपूर्ण है, मैं नहीं। मैं वही इंसान हूं जिसने इंग्लैंड में नतीजे दिए, चैंपियंस ट्रॉफी और एशिया कप जिताया। यह टीम सीख रही है।” प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने हार की जिम्मेदारी खुद पर भी ली। उन्होंने कहा, “गलती सबकी है, लेकिन शुरुआत मुझसे होती है। 95/1 से 122/7 होना स्वीकार नहीं किया जा सकता। मैं किसी एक खिलाड़ी को दोष नहीं देता और आगे भी ऐसा नहीं करूंगा।”

गंभीर के कोच बनने के बाद भारत अपने 18 में से 10 टेस्ट हार चुका है। पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली शर्मनाक हार के बाद टीम में बड़े बदलाव किए गए थे, लेकिन नई टीम के बावजूद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ परिणाम फिर वैसा ही रहा। गंभीर हाल ही में टीम में लगातार बदलाव करने और ऑलराउंडर्स को ज्यादा तरजीह देने को लेकर आलोचना झेल रहे हैं। लेकिन गंभीर का मानना है कि टेस्ट क्रिकेट में बड़े नाम या ज्यादा प्रतिभा नहीं, बल्कि मजबूत इरादों वाले खिलाड़ी जरूरी होते हैं।

गंभीर ने कहा, “टेस्ट क्रिकेट के लिए सबसे प्रतिभाशाली नहीं, बल्कि सीमित कौशल वाले ‘टफ कैरेक्टर’ की जरूरत होती है। वही अच्छे टेस्ट क्रिकेटर बनते हैं।” जब गंभीर से पूछा गया कि भारतीय टीम कैसे इस खराब दौर से बाहर आए, तो उन्होंने कहा कि सबसे पहले टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता देनी होगी।

उन्होंने कहा, “अगर हम सच में टेस्ट क्रिकेट को लेकर गंभीर हैं, तो इसे प्राथमिकता देनी होगी। यह सामूहिक प्रयास से ही संभव होगा। सिर्फ खिलाड़ियों या किसी एक व्यक्ति को दोष देना सही नहीं है।” भारत की यह लगातार दूसरी टेस्ट सीरीज हार है, और अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि बीसीसीआई गौतम गंभीर के भविष्य पर क्या फैसला लेती है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button