भारत

कैसे काम करता है ई-पासपोर्ट और इसे बनवाने का तरीका क्या है? जानिए पूरी जानकारी

भारत सरकार ने देशभर में ई-पासपोर्ट सेवा की शुरुआत कर दी है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने हाल ही में यह घोषणा की कि पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम (PSP) 2.0 के तहत अब पूरे देश में ई-पासपोर्ट लागू किया जा चुका है। पहले यह योजना कुछ चुनिंदा शहरों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चलाई जा रही थी, लेकिन अब इसे राष्ट्रीय स्तर पर लॉन्च कर दिया गया है। डॉ. जयशंकर ने कहा कि यह पहल डिजिटल इंडिया के सपने को और मजबूत करती है और नागरिकों को एक सुरक्षित व आधुनिक यात्रा अनुभव देने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि इस नई सेवा में अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जो पासपोर्ट की सुरक्षा और प्रोसेसिंग को और भी बेहतर बनाएगा।

ई-पासपोर्ट दरअसल एक ऐसा पासपोर्ट है, जिसमें पारंपरिक कागज़ी दस्तावेज़ के साथ एक इलेक्ट्रॉनिक चिप भी लगी होती है। यह चिप पासपोर्ट के फ्रंट कवर के अंदर आरएफआईडी (Radio Frequency Identification) तकनीक के जरिए लगाई जाती है और इसमें पासपोर्ट धारक की सारी व्यक्तिगत जानकारियां और बायोमेट्रिक डेटा जैसे फोटो और फिंगरप्रिंट दर्ज होते हैं। इसके कवर पर नीचे की ओर एक छोटा सुनहरे रंग का सिंबल होता है, जो इसे आम पासपोर्ट से अलग दिखाता है।

ई-पासपोर्ट की सबसे खास बात यह है कि यह ज्यादा सुरक्षित है और इसका गलत इस्तेमाल या नकल करना बेहद मुश्किल है। इसके अंदर मौजूद चिप को स्कैन करके इमिग्रेशन अधिकारी बड़ी आसानी से और तेज़ी से यात्री की पहचान और जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, जिससे हवाई अड्डों पर प्रोसेसिंग में समय भी कम लगता है। साथ ही, यह पासपोर्ट अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार किया गया है, जिससे दुनियाभर में इसे स्वीकार किया जा सकेगा और भारतीय यात्रियों को विदेश यात्रा में और आसानी होगी।

अगर कोई नागरिक ई-पासपोर्ट बनवाना चाहता है तो उसे सबसे पहले पासपोर्ट सेवा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लॉगिन या नया रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरकर पासपोर्ट सेवा केंद्र (PSK) या डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) में अपॉइंटमेंट बुक करनी होगी। निर्धारित शुल्क का भुगतान करने के बाद, नागरिक को अपने तय समय पर सेवा केंद्र जाकर बायोमेट्रिक डाटा देना होगा और अपने दस्तावेजों की जांच करवानी होगी। इसके बाद उसकी ई-पासपोर्ट प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

भारत सरकार की यह नई पहल नागरिकों के लिए विदेश यात्रा को ज्यादा सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। यह तकनीक आने वाले समय में पासपोर्ट सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल और भरोसेमंद बना देगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button