भारत

तेलंगाना के रंगारेड्डी में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक की टक्कर में 20 की मौत

तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया. चेवेल्ला मंडल के खानापुर स्टेज के पास बजरी से भरे एक ट्रक और तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (RTC) की बस के बीच भीषण आमने-सामने टक्कर हुई, जिसमें 20 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुँचने और आवश्यक राहत उपाय करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को बस दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों को तुरंत हैदराबाद पहुँचाने और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था करने का आदेश दिया है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और एक मोड़ पर नियंत्रण खो देने से यह हादसा हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक में भरी बजरी बस पर जा गिरी, जिससे कई यात्री बस के अंदर ही दब गए. हादसे के बाद बस का ड्राइवर साइड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया.

घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गए. बस में फंसे यात्रियों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है.

ADG महेश भागवत ने कहा, “आज सुबह, जब विकाराबाद डिपो की यह बस हैदराबाद की ओर जा रही थी, एक टिपर हैदराबाद की ओर से चेवेल्ला से विकाराबाद की ओर आ रहा था. आमने-सामने की टक्कर हुई, ऐसा लगता है कि टिपर बहुत तेज़ गति से यात्रा कर रहा था और इस बस से टकरा गया… कंडक्टर के बयान के अनुसार, बस में लगभग 72 लोग थे. हम इसकी पुष्टि कर रहे हैं.”

हादसे के बाद चेवेल्ला-तंदूर मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ.  प्रशासन ने क्रेन और जेसीबी की मदद से सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है.  अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है.

If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button