भारत

कुरनूल में भीषण सड़क हादसा: हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही बस बनी आग का गोला, 11 की मौत

कुरनूल (आंध्र प्रदेश). बेंगलुरु-हैदराबाद नेशनल हाईवे (NH-44) पर शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जब यात्रियों से भरी एक निजी बस देखते ही देखते आग का गोला बन गई. हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 11 अन्य घायल हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है.

यह बस कावेरी ट्रैवल्स की थी और हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही थी. बस में 38 यात्री और दो ड्राइवर सवार थे. जानकारी के अनुसार, यह बस गुरुवार देर रात हैदराबाद से रवाना हुई थी, लेकिन रात करीब साढ़े तीन बजे जब यह कुरनूल के पास एनएच-44 पर पहुंची, तो उसकी एक दोपहिया वाहन से टक्कर हो गई.

शुरुआत में चालक को लगा कि मामूली टक्कर हुई है, लेकिन बाइक बस के नीचे फंस गई थी. इसी बीच, बाइक के घर्षण से चिंगारी निकली और कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई. हादसे की भीषणता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आग ने पूरी बस को राख में तब्दील कर दिया.

जिन यात्रियों ने समय रहते खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की, वे अपनी जान बचाने में सफल रहे. लेकिन कई यात्री अंदर फंस गए और बाहर नहीं निकल पाए. स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी.

कुरनूल के पुलिस अधीक्षक विक्रांत पाटिल ने बताया कि, “प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस की दोपहिया वाहन से टक्कर के बाद वह बाइक नीचे फंस गई थी, जिससे आग भड़क उठी. फिलहाल फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम मौके पर पहुंचकर आग लगने के असली कारणों की जांच कर रही है.”

पुलिस ने कहा कि पीड़ितों की पहचान और लापता यात्रियों की तलाश का काम जारी है. हादसे के बाद NH-44 पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक बाधित रहा, जिसे अब बहाल कर दिया गया है.

यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि लंबी दूरी की बस यात्राओं में सुरक्षा मानकों का पालन किस हद तक किया जा रहा है, खासकर रात के सफर के दौरान.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button