जौनपुर में भीषण सड़क हादसा: दो दुर्घटनाओं में आठ की मौत

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बीती रात लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-731) पर दो दर्दनाक सड़क हादसे हुए, जिनमें आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
पहली दुर्घटना बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर में हुई, जहां झारखंड से आए श्रद्धालु टाटा सूमो में सवार होकर वाराणसी दर्शन के बाद अयोध्या जा रहे थे। इस दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। पहले हादसे के कुछ ही देर बाद इसी हाईवे पर दूसरा बड़ा हादसा हुआ, जब दिल्ली से आए श्रद्धालुओं से भरी एक डबल डेकर बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस टक्कर में बस चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, डबल डेकर बस में सवार श्रद्धालु चित्रकूट, प्रयागराज और वाराणसी दर्शन करने के बाद अयोध्या जा रहे थे। लेकिन हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराने के कारण यह भयावह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बदलापुर सीएचसी अस्पताल भेजा। गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जौनपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके बेहतर इलाज का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि दोनों हादसों में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हुई है, जबकि घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसों की जांच की जा रही है।





