बर्दवान में भीषण बस हादसा, 10 तीर्थयात्रियों की मौत, 35 घायल

पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दवान जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। शुक्रवार (15 अगस्त) को बिहार जा रही एक यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे 10 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और 35 लोग घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर नाला फेरी घाट के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक, बस गंगा सागर से स्नान करके लौट रहे यात्रियों को लेकर दुर्गापुर की ओर जा रही थी। रास्ते में बस ने ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्रियों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि घायलों को बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
स्थानीय लोगों ने हादसे के तुरंत बाद बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
पूर्वी बर्दवान के पुलिस अधीक्षक सायक दास ने बताया कि बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिनमें 5 बच्चे भी शामिल थे। सभी यात्री बिहार के निवासी थे। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन प्रारंभिक आशंका है कि बस चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह दुर्घटना हुई।





