मनोरंजन

हॉलीवुड एक्टर डेविन हरजेस का निधन, 41 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

हॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है। ‘बोर्डवॉक एम्पायर’, ‘गॉथम’, ‘मैनिफेस्ट’ और ‘डेयरडेविल’ जैसी लोकप्रिय सीरीज में अपनी शानदार अदाकारी से पहचान बनाने वाले अमेरिकी एक्टर डेविन हरजेस का 41 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह पिछले कुछ समय से कैंसर से पीड़ित थे। 27 मई को उन्होंने न्यूयॉर्क सिटी के माउंट सिनाई वेस्ट अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि उनकी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी एक शोक संदेश के जरिए की गई।

टेक्सास के लब्बॉक में जन्मे डेविन हरजेस का अभिनय सफर प्रेरणादायक रहा। शुरुआत में वह जानवरों से बेहद लगाव रखते थे और उसी दिशा में अपना जीवन समर्पित करना चाहते थे। लेकिन बाद में उनका रुझान अभिनय की ओर हुआ। उन्होंने डलास-फोर्ट वर्थ थिएटर से अपने करियर की शुरुआत की और बाद में न्यूयॉर्क जाकर स्टूडेंट फिल्म्स और ऑफ-ब्रॉडवे नाटकों में अभिनय किया।

डेविन को टीवी सीरीज ‘बोर्डवॉक एम्पायर’ में बॉक्सिंग लीजेंड जैक डेम्पसी की भूमिका निभाने के लिए खास पहचान मिली। इसके अलावा नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘मैनिफेस्ट’ में उन्होंने ड्रग गैंग के सदस्य पीट बेलर का किरदार निभाया था। ‘डेयरडेविल’ में वह राइकर्स जेल के एक नर्स की भूमिका में नजर आए, जबकि ‘गॉथम’ में उन्होंने बैंक गार्ड क्लाइड का रोल निभाया।

डेविन ने ‘ब्लू ब्लड्स’, ‘ऑरेंज इज द न्यू ब्लैक’, ‘एलीमेंटरी’ और ‘एफबीआई’ जैसे चर्चित टीवी शोज में भी अहम भूमिकाएं निभाईं। छोटे पर्दे के साथ-साथ इंडी सिनेमा में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई। फिल्म ‘द फॉरेस्ट इज रेड’ में शानदार परफॉर्मेंस के लिए उन्हें इटली के टोलेन्टिनो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड भी मिला।

डेविन हरजेस न सिर्फ एक कुशल अभिनेता थे, बल्कि उन्हें मार्शल आर्ट्स का भी गहरा शौक था। वह नियमित रूप से वर्कआउट करते थे और अपनी फिटनेस का पूरा ध्यान रखते थे।

डेविन हरजेस अपने माता-पिता रैंडी और रोजेन हरजेस तथा बहन ट्रिच हरजेस को पीछे छोड़ गए हैं। उनके असमय निधन से हॉलीवुड इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में गहरा शोक है। सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके यादगार किरदारों को याद कर रहे हैं। डेविन भले ही अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी अदाकारी और योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button