भारत

मुंबई और ओडिशा में भारी बारिश का कहर, जनजीवन प्रभावित, अलर्ट पर प्रशासन

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और उसके आसपास के जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में जलभराव के चलते सड़क यातायात धीमा पड़ गया है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों से पानी भरे रास्तों और रुकी हुई ट्रैफिक की तस्वीरें सामने आई हैं।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। साथ ही तटीय क्षेत्रों में न जाने की सलाह भी दी गई है। मुंबई नगर निगम और अन्य एजेंसियों ने राहत और बचाव कार्यों के लिए पूरी सतर्कता बरतने की बात कही है। मुंबई पुलिस ने भी वाहन चालकों से सतर्कता के साथ गाड़ी चलाने की अपील की है। आपात स्थिति में नागरिकों से 100, 112 या 103 पर कॉल करने को कहा गया है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ओडिशा में भी भारी से बेहद भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल गया है, जिसके चलते ओडिशा के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ मूसलधार बारिश की संभावना जताई गई है।

25 जुलाई को मयूरभंज और क्योंझर जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 10 अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। राज्य के विशेष राहत आयुक्त कार्यालय ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और राहत कार्यों के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने मछुआरों से 28 जुलाई तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है, क्योंकि समुद्री तूफान और ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई है। मुंबई और ओडिशा में मौसम के बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button