भारत

देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट, हिमाचल में अब तक 95 लोगों की मौत

देश के कई राज्यों में मानसून का प्रभाव तेज हो गया है और पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

जम्मू-कश्मीर में सोमवार से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। जम्मू संभाग के सांबा, कठुआ, जम्मू, उधमपुर और रियासी जिलों में भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन की आशंका जताई गई है। यहां नदियों और नालों के आसपास रहने वाले लोगों को अलर्ट किया गया है। मौसम विभाग का यह अलर्ट 72 घंटों तक लागू रहेगा। हालांकि कश्मीर घाटी में इसका ज्यादा असर नहीं दिखेगा। अमरनाथ गुफा के आसपास बीते 24 घंटों में हल्की बारिश हुई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। यहां रात का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो घाटी में सबसे कम है।

हिमाचल प्रदेश में मानसून का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य में पहले से हो रही मूसलाधार बारिश से अब तक 95 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 33 लोग लापता और 175 घायल हुए हैं। भूस्खलन और जलप्रलय की वजह से राज्य में 252 सड़कें बंद हैं, जिनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं। 327 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 787 पेयजल योजनाएं भी ठप पड़ी हैं। राज्य सरकार ने प्रभावित जिलों को राहत कार्यों के लिए दो-दो करोड़ रुपये जारी किए हैं। लाहौल की ऊंची चोटियों में करीब डेढ़ महीने बाद बर्फबारी हुई है, जिससे रोहतांग दर्रा, कुंजुम और बारालाचा की चोटियां सफेद हो गई हैं।

जम्मू के कटड़ा में लगातार हो रही बारिश के चलते वैष्णो देवी की यात्रा भी प्रभावित हुई है। हेलिकॉप्टर सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं। हालांकि, बैटरी कार और रोपवे सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है जिससे श्रद्धालुओं को कुछ राहत भी मिली है।

शनिवार को दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई। पूर्वोत्तर राज्यों असम और मेघालय, तटीय कर्नाटक, केरल और छत्तीसगढ़ में भी जोरदार बारिश हुई। वहीं, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और कराईकल में गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे।

मध्य प्रदेश के सतना और चित्रकूट सहित कई जिलों में भारी बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया है। IMD ने अगले चार से पांच दिनों तक मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में भी 13 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने साफ किया है कि आने वाले 5 से 7 दिन कई राज्यों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि उत्तर गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार हैं। आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम संबंधी अपडेट्स पर नजर बनाए रखें।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button