उत्तर भारत में गर्मी का कहर, दक्षिण में मानसून की दस्तक से राहत के आसार

देश के कई हिस्सों में इस समय मौसम दो अलग-अलग रूप दिखा रहा है। एक ओर जहां उत्तर भारत भीषण गर्मी की चपेट में है, वहीं दक्षिण भारत में मानसून की हल्की दस्तक से लोगों को कुछ राहत मिली है। उत्तर भारत में दिल्ली, एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोग इन दिनों चिलचिलाती गर्मी से बेहाल हैं। राजधानी दिल्ली में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। उमस और गर्म हवाओं के चलते यह तापमान शरीर को 50 डिग्री जैसा महसूस हो रहा है। हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं गुड़गांव में 42.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया और यलो अलर्ट जारी किया गया है।
गर्मी के इस दौर में स्वास्थ्य विभाग और डॉक्टर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। धूप में निकलने से बचने, भरपूर पानी पीने और बाहर जाते वक्त सिर ढकने जैसे सुझाव दिए जा रहे हैं। इस बीच राहत की खबर भी सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 13 और 14 जून को दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के इलाकों में तेज आंधी और बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मानसून की शुरुआत हो चुकी है। मुंबई, चेन्नई, कोयंबत्तूर, हैदराबाद और कोलकाता में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। कोस्टल केरल और कोंकण क्षेत्र में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून 14 जून तक उत्तर की ओर तेजी से बढ़ेगा।
केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पुदुचेरी और लक्षद्वीप में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए कई जगहों पर रेड अलर्ट जारी किया गया है। कर्नाटक के धारवाड़ जिले में मौसम विभाग की चेतावनी के बाद स्कूल-कॉलेजों में एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में तेज बारिश के चलते हैदराबाद के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। मानसून के आगमन से राज्य में मौसम सुहावना हो गया है।
पंजाब और हरियाणा में लू की स्थिति बनी हुई है। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। बठिंडा में तो पारा 47.6 डिग्री तक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 3 दिन तक गर्मी का यह सिलसिला जारी रह सकता है, खासकर हरियाणा और पंजाब के पश्चिमी जिलों में लू का प्रकोप बना रहेगा। बिहार में मौसम दो रूपों में नजर आ रहा है। राज्य के कुछ हिस्सों में तेज गर्मी है तो कुछ इलाकों में भारी बारिश हो रही है। राजधानी पटना में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है।
मध्य प्रदेश में दिन के समय गर्मी और उमस बनी हुई है। तापमान 40 डिग्री तक जा रहा है, हालांकि रात के समय थोड़ी राहत महसूस की जा रही है। कहीं-कहीं आंधी और हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बादल छा सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। देश के उत्तर और मध्य हिस्सों में गर्मी का प्रकोप बना हुआ है, लेकिन दक्षिण भारत में मानसून की दस्तक ने कुछ राहत दी है। आने वाले दिनों में बारिश की संभावना से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।





