भारत

हरिमंदिर साहिब को मिली फिर बम धमाके की धमकी, सुरक्षा बढ़ाई गई

अमृतसर के श्री हरिमंदिर साहिब को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। लगातार तीसरे दिन यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। यह ईमेल शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के प्रबंधकों को भेजा गया, जिसके बाद श्री हरिमंदिर साहिब और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। मौके पर पंजाब पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को आए ईमेल में लिखा गया था कि परिसर के आसपास की पाइपों में आरडीएक्स भर दिया गया है और जल्द ही धमाके किए जाएंगे। इसे गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरे में ले लिया है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि धमकी को ध्यान में रखते हुए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और साइबर सेल ईमेल की जांच में जुट गई है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही इन शरारती तत्वों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

धमकी के बाद हरिमंदिर साहिब की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आने-जाने वाले हर व्यक्ति की जांच की जा रही है और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते भी तैनात कर दिए गए हैं।

पुलिस कमिश्नर भुल्लर ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। प्रशासन स्थिति पर पूरी तरह से नजर रखे हुए है और हरसंभव सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button