इस्राइली हमले में हमास कमांडर मोहम्मद सिनवार की मौत: नेतन्याहू

इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को पुष्टि की कि 13 मई को गाजा में हुए एक हवाई हमले में हमास कमांडर मोहम्मद सिनवार मारे गए। यह पहली आधिकारिक घोषणा है जो सिनवार की मौत को लेकर की गई है। इससे पहले मई के मध्य में रक्षा मंत्री इस्राइल कात्ज़ ने इस संबंध में संकेत दिए थे।
इस्राइली रक्षा बल (IDF) के सूत्रों ने पहले विदेशी मीडिया की उन खबरों पर संदेह जताया था, जिनमें दावा किया गया था कि सिनवार का शव उनके लगभग एक दर्जन सहयोगियों के साथ मिला है। इनमें राफा ब्रिगेड प्रमुख मोहम्मद शाबाना भी शामिल थे, जिन्हें सिनवार का उत्तराधिकारी माना जा रहा था। लेकिन The Jerusalem Post की रिपोर्ट के अनुसार, विश्वसनीय सूत्रों ने बताया कि हवाई हमले के समय दोनों कमांडर एक साथ थे, जिससे यह लगभग तय माना जा रहा है कि दोनों की मौत हो गई।
यह हमला 13 मई को गाजा के एक अस्पताल के नीचे स्थित हमास की सुरंगों पर किया गया था, जहां मोहम्मद सिनवार के छिपे होने की आशंका थी। इस सुरंग नेटवर्क पर बड़े पैमाने पर बमबारी की गई थी। मोहम्मद सिनवार ने अपने भाई यह्या सिनवार की मौत के बाद हमास की कमान संभाली थी। यह्या सिनवार पर 7 अक्टूबर के हमले की साजिश रचने का आरोप था और वह इस्राइली सेना की कार्रवाई में राफा में मारा गया था। मोहम्मद सिनवार के नेतृत्व में ही गाजा में बचे हुए 58 इस्राइली बंधकों की निगरानी की जा रही थी, जिनमें से लगभग 21 के जीवित होने की संभावना जताई जा रही है।
इस हमले को हमास के खिलाफ इस्राइल की बड़ी सैन्य सफलता माना जा रहा है।





