भारत

गोवा क्लब अग्निकांड मामला: थाईलैंड से डिपोर्ट हुए सौरभ और गौरव लूथरा

उत्तर गोवा के अरपोरा गांव में स्थित नाइटक्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में आग लगने से 25 लोगों की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। क्लब चलाने वाले सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाईलैंड से डिपोर्ट कर दिया गया है। दोनों भाई आज दोपहर दिल्ली पहुंचेंगे। जानकारी के मुताबिक, पिछले हफ्ते थाईलैंड के पटोंग इलाके में एक होटल से दोनों को हिरासत में लिया गया था। यह कार्रवाई भारतीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के अनुरोध पर की गई। इसके बाद उन्हें बैंकॉक के एक इमिग्रेशन डिटेंशन सेंटर में रखा गया और डिपोर्टेशन की प्रक्रिया तेज की गई।

सूत्रों के अनुसार, भारतीय दूतावास, बैंकॉक ने दोनों की भारत वापसी के लिए इमरजेंसी सर्टिफिकेट जारी किया, क्योंकि इससे पहले उनके पासपोर्ट जब्त किए जा चुके थे। अब केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारी उन्हें लेकर दिल्ली आ रहे हैं। गोवा पुलिस की एक टीम पहले से ही दिल्ली में मौजूद है। सूत्रों ने बताया कि आईजीआई एयरपोर्ट पर उतरते ही दोनों भाइयों को कोर्ट में पेश किया जा सकता है, जहां गोवा पुलिस ट्रांजिट रिमांड मांगेगी। इसके बाद उन्हें पूछताछ और जांच के लिए देर शाम या रात तक गोवा ले जाया जाएगा।

जांच एजेंसियों के अनुसार, क्लब में आग लगने की घटना 6 दिसंबर की रात करीब 12 बजे हुई थी। इसके कुछ ही घंटों बाद, 7 दिसंबर सुबह 5:30 बजे सौरभ और गौरव लूथरा दिल्ली से फुकेत के लिए उड़ान भरकर देश छोड़ गए। उन्होंने 7 दिसंबर रात 1:17 बजे, यानी आग लगने के करीब 90 मिनट के भीतर, टिकट बुक कर लिए थे।

फायर डिपार्टमेंट की शुरुआती रिपोर्ट में बताया गया है कि आग की सूचना 6 दिसंबर रात 11:45 बजे फायर कंट्रोल रूम को मिली थी। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय दोनों भाई दिल्ली में एक शादी में शामिल हो रहे थे, जहां क्लब के एक कर्मचारी ने उन्हें आग लगने की जानकारी दी थी।

भारत से फरार होने के बाद गोवा पुलिस के अनुरोध पर ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन ने दोनों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया। इसके बाद ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी हुआ और विदेश मंत्रालय (MEA) ने उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए थे।

अब दोनों के भारत पहुंचने के बाद इस दर्दनाक हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच किए जाने की तैयारी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button