ग्लोबल लिवेबिलिटी इंडेक्स 2025: टॉप 10 शहरों की लिस्ट जारी

इकोनॉमिस्ट इंटेलिजेंस यूनिट (EIU) ने 2025 के ग्लोबल लाइवेबिलिटी इंडेक्स की टॉप 10 सूची जारी की है, जिसमें दुनिया के सबसे बेहतर रहने योग्य शहरों का चयन किया गया है। इस लिस्ट में डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन ने पहला स्थान हासिल किया है। इस रैंकिंग में शहरों को स्वास्थ्य, शिक्षा, स्थिरता, संस्कृति-पर्यावरण और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे प्रमुख मानकों पर परखा गया।
आइए जानते हैं साल 2025 के टॉप 10 सबसे रहने लायक शहरों के बारे में—
1.कोपेनहेगन, डेनमार्क | स्कोर – 98/100
डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन को इस साल दुनिया का सबसे रहने लायक शहर घोषित किया गया है। शहर ने स्थिरता, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में पूरे 100 अंक हासिल किए हैं। टिकाऊ शहरी योजनाओं, बेहतर सार्वजनिक सेवाओं और उच्च जीवन स्तर ने इसे टॉप पर पहुंचाया है।
2.विएना, ऑस्ट्रिया और ज्यूरिख, स्विट्ज़रलैंड | स्कोर – 97.1/100
विएना और ज्यूरिख ने इस साल संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया है। विएना को स्वास्थ्य, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर में पूरे अंक मिले हैं, लेकिन स्थिरता स्कोर में गिरावट के कारण इसकी रैंक थोड़ी प्रभावित हुई। वहीं, ज्यूरिख ने सभी क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विएना के बराबरी की।
4.मेलबर्न, ऑस्ट्रेलिया | स्कोर – 97/100
मेलबर्न ने ऑस्ट्रेलिया के सभी शहरों को पीछे छोड़ते हुए चौथा स्थान पाया है। शहर ने स्वास्थ्य, शिक्षा और सांस्कृतिक वातावरण में शानदार अंक हासिल किए हैं। यहां की मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर व्यवस्था इसे दुनिया के शीर्ष शहरों में शामिल करती है।
5.जिनेवा, स्विट्ज़रलैंड | स्कोर – 96.8/100
जिनेवा को इसके मजबूत नागरिक ढांचे और अंतरराष्ट्रीय छवि के कारण पांचवां स्थान मिला है। स्वास्थ्य और शिक्षा में इसे पूरे 100 अंक मिले हैं, जबकि बाकी क्षेत्रों में भी इसका प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा।
6.सिडनी, ऑस्ट्रेलिया | स्कोर – 96.6/100
सिडनी ने स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में टॉप स्कोर किया है, साथ ही इसकी इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यावरण व्यवस्था भी शानदार मानी गई। इसकी समुद्री खूबसूरती और शहर की सुव्यवस्थित व्यवस्था इसे लुभावना बनाती है।
7.ओसाका, जापान और ऑकलैंड, न्यूजीलैंड | स्कोर – 96/100
दोनों शहरों ने संयुक्त रूप से सातवां स्थान हासिल किया है। ओसाका एशिया का एकमात्र शहर है जो टॉप 10 में शामिल है। इसे स्थिरता, स्वास्थ्य और शिक्षा में पूरे अंक मिले हैं। वहीं ऑकलैंड ने शिक्षा, पर्यावरण और स्वास्थ्य में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया।
9.एडलाइड, ऑस्ट्रेलिया | स्कोर – 95.9/100
एडलाइड ने स्वास्थ्य और शिक्षा में 100 स्कोर प्राप्त किया, साथ ही स्थिरता और पर्यावरण के क्षेत्र में भी इसे अच्छे अंक मिले। इसकी शांत जीवनशैली और आसान शहर योजना इसे रहने के लिए पसंदीदा बनाती है।
10.वैंकूवर, कनाडा | स्कोर – 95.8/100
वैंकूवर को शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर में पूरे अंक मिले हैं। संस्कृति और पर्यावरण में भी इसे 97.2 अंक मिले। यह शहर अपनी प्राकृतिक सुंदरता, टिकाऊ विकास और मजबूत सार्वजनिक सेवाओं के लिए जाना जाता है।





