गीतांजलि अंगमो बोलीं – वांगचुक की गिरफ्तारी गैरकानूनी, तुरंत रिहाई की मांग

जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी को लेकर देशभर में बहस तेज हो गई है। अब इस मामले में उनकी पत्नी गीतांजलि अंगमो ने गंभीर आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। उन्होंने वांगचुक की गिरफ्तारी को गैरकानूनी करार देते हुए उनकी तुरंत रिहाई की मांग की है।
गीतांजलि अंगमो ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को पत्र लिखा था, लेकिन अब तक कहीं से भी कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि “मैंने चिट्ठी में साफ लिखा था कि सोनम वांगचुक देश की सुरक्षा के लिए कोई खतरा नहीं हैं। उनकी गिरफ्तारी गैरकानूनी है और उन्हें तुरंत रिहा किया जाना चाहिए। लेकिन मुझे उनसे मिलने तक की अनुमति नहीं दी गई।”
लद्दाख प्रदर्शन और गिरफ्तारी
बता दें कि लद्दाख में राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर बीते दिनों बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। इन प्रदर्शनों में चार लोगों की मौत और करीब 90 लोग घायल हुए थे। इसके दो दिन बाद, 26 सितंबर को वांगचुक को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत हिरासत में लिया गया और फिलहाल उन्हें राजस्थान की जोधपुर जेल में रखा गया है।
‘न्यायिक मदद नहीं मिल रही’
गीतांजलि अंगमो का कहना है कि अब तक उन्हें न्यायिक मदद नहीं मिल पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल एक बार उन्हें फोन पर बताया गया कि कुछ लोग वांगचुक से मिल सकते हैं, लेकिन जब उन्होंने इसे लिखित रूप में मांगा तो कोई जवाब नहीं मिला।
निगरानी और स्टाफ पर कार्रवाई का आरोप
अंगमो ने यह भी दावा किया कि दिल्ली में उन्हें लगातार निगरानी में रखा जा रहा है। उनके मुताबिक, एक गाड़ी हर जगह उनका पीछा करती है। साथ ही, जो लोग वांगचुक के साथ काम कर रहे थे, उन्हें भी पुलिस ने हिरासत में लिया है और उन पर मानसिक और शारीरिक दबाव डाला जा रहा है।
उन्होंने चिंता जताई कि जेल में सोनम वांगचुक किस स्थिति में होंगे। अंगमो ने कहा, “अगर ऐसे व्यक्ति को न्याय नहीं मिल रहा, जिसने सालों से देश और समाज के लिए काम किया है, तो आम लोगों को क्या उम्मीद होगी?” उन्होंने देशवासियों से अपील की कि यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं है, बल्कि पूरे न्याय तंत्र में लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है।





