पंजाब के गुरदासपुर में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां की गोली मारकर हत्या
पंजाब के गुरदासपुर से हैरान करने वाली घटना सामने आई है जहां कुछ बाइक सवार हमलावरों ने एक महिला की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी. जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस जांच में पता चला कि महिला गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां है.
जानकारी के अनुसार, पंजाब के गुरदासपुर में सनसनीखेज तरीके से गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां की गोली मारकर हत्या कर दी गई. गुरदासपुर के बटाला में गैंगस्टर की मां हरजीत कौर और करणवीर सिंह नाम का एक व्यक्ति स्कॉर्पियो कार से कहीं जा रहे थे. करणवीर ही कार चला रहे थे. बताया जा रहा है कि इसी दौरान बाइक सवार तीन लोग वहां पहुंचे और कार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस वारदात में करणवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरजीत कौर को अमृतसर के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया था. इलाज के दौरान उन्होंने हॉस्पिटल में ही दम तोड़ दिया.
गुरदासपुर की यह खौफनाक घटना वहां के सीसीटीवी में कैद हो गई. यह घटना 26 जून को रात करीब 9 बजे के आसपास हुई है. बताया जा रहा है कि पुलिस रात से ही घटनास्थल पर मौजूद है और मामले की जांच कर रही है. आशंका जताई जा रही है कि यह किसी विरोधी गैंग की साजिश हो सकती है. पुलिस को फायरिंग की सीसीटीवी फुटेज मिली है. फिलहाल इस हत्याकांड में शामिल हमलावर पुलिस के हथ्थे नहीं आए हैं और उनकी तलाश जारी है.





