सुदर्शन चक्र से ऑपरेशन सिंदूर तक – मोदी का ऐतिहासिक संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अहमदाबाद में 5400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित जनसभा में पीएम मोदी ने गुजरात के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई और कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी।
पीएम मोदी ने कहा कि पूरे देश में गणेश उत्सव को लेकर अद्भुत उत्साह है और इसी शुभ अवसर पर गुजरात में विकास की कई योजनाओं का उद्घाटन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान गुजरात और देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाएं आईं, जिनसे लोगों को नुकसान उठाना पड़ा है। प्रधानमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि केंद्र सरकार राज्यों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में लगी हुई है।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने गुजरात की धरती को ‘दो मोहन की धरती’ बताया—एक सुदर्शन चक्र धारी द्वारिकाधीश और दूसरे चरखाधारी मोहन महात्मा गांधी। उन्होंने कहा कि भारत आज इन दोनों के दिखाए रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। श्रीकृष्ण ने हमें सिखाया कि समाज की रक्षा कैसे की जाती है। उन्होंने सुदर्शन चक्र को न्याय और सुरक्षा का प्रतीक बनाया, और आज वही भाव भारत के फैसलों में दिख रहा है।
आतंकवाद पर सख्त रुख दिखाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज आतंकियों और उनके आकाओं को छोड़ा नहीं जाता, चाहे वे कहीं भी हों। पहलगाम हमले का बदला दुनिया ने देखा, सिर्फ 22 मिनट में ऑपरेशन सिंदूर के तहत सब साफ कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन भारतीय सेना के शौर्य और श्रीकृष्ण की न्याय भावना का प्रतीक है।
महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि गांधीजी ने स्वदेशी को भारत की समृद्धि का रास्ता बताया था। साबरमती आश्रम इसका साक्षी है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी ने गांधीजी का नाम लेकर दशकों तक सत्ता का आनंद लिया, उसने न तो स्वच्छता को बढ़ावा दिया और न ही स्वदेशी को।
टैरिफ मुद्दे पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया में आर्थिक स्वार्थ की राजनीति हो रही है। हर देश अपने फायदे में लगा है, लेकिन भारत अपने लघु उद्यमियों, किसानों और पशुपालकों का अहित नहीं होने देगा। चाहे कितना भी दबाव आए, हम उसका सामना करेंगे।





